पटना में बारात में हर्ष फायरिंग से युवक को लगी गोली, इलाज के दौरान तोडा दम

पटना। पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र के बेलवरगंज में मंगलवार की देर रात बारात में डांस करने के दौरान चली गोली से एक युवक की मौत हो गई। आनन-फानन में युवक को इलाज के लिए पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद बारातियों के बीच भगदड़ का माहौल बन गया। लोगों ने इसकी सूचना आलमगंज थाने को दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। घटना की पुष्टि करते हुए पटना सिटी के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी शरथ आरएस ने बताया कि गोलीबारी करने वाले युवक की पहचान की जा रही है। पटना के आलमगंज के बेलवरगंज में मंगलवार के दिन रात एक बारात जा रही थी। बारात में डांस करने को लेकर गोलीबारी होने लगी। इस गोलीबारी में बेलवर गंज निवासी संजय कुमार के पुत्र प्रिंस कुमार 30 वर्ष को गोली लगी और वह घायल हो गए। गोली लगते ही बारातियों के बीच भगदड़ मच गई। घायल प्रिंस वहीं पर गिर पड़ा। बारात में शामिल लोगों ने प्रिंस को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान प्रिंस की मौत हो गई। आसपास के लोगों ने बताया कि प्रिंस कुमार मोबाइल बनाने का काम करता था। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी मच गई। इस मामले को लेकर पटना सिटी के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि डांस करने को लेकर बारात में चली गोली से प्रिंस कुमार घायल हो गया था, इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया की गोली चलाने वाले युवक की पहचान की जा रही है। जल्द ही पुलिस उसे गिरफ्तार कर लेगी।

You may have missed