February 23, 2025

पटना में फेसबुक पर मिले आशिक युवक ने प्रेमिका को मारी गोली, पुलिस कर रही तलाश

पटना। पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र के अशोक नगर में सनकी युवक ने नाबालिग प्रेमिका को गोली मार दी। तेज धूप की वजह से सड़क पर आवाजाही कम थी। फायरिंग की आवाज सुनकर लोग जब तक दौड़े, तब तक आरोपी फरार हो चुका था। स्थानीय लोगों की मदद से घायल किशोरी को इलाज के लिए न्यू बाईपास रोड के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। किशोरी के बाएं बांह में गोली लगी है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। आरोपी की पहचान फतुहा निवासी सूरज सिंह राजपूत उर्फ अभिषेक के रूप में हुई है। थानेदार रविशंकर सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश में छापेमारी चल रही है। कंकड़बाग थाने के दारोगा मुकेश कुमार ने अस्पताल में किशोरी का फर्दबयान लिया। उसकी उम्र 15 वर्ष है। वह नौवीं कक्षा की छात्रा बताई जा रही है। वहीं आरोपी सूरज 22 साल का है। वह यहां किराये पर कमरा लेकर पढ़ाई करता है। कुछ महीने पहले किशोरी फेसबुक के जरिए सूरज के संपर्क में आई थी। दोनों के बीच लगातार बातें होती थी और वे एक-दूसरे से प्यार करने लगे थे। उनके बीच शादी की बातें भी होने लगी थी। मगर, कुछ दिन पहले से सूरज उसके साथ एक सनकी की तरह व्यवहार करने लगा। यह बात किशोरी के परिवार वालों को पता चली तो उन्होंने उससे संपर्क तोड़ लेने की सलाह दी। लगभग पांच दिनों से किशोरी उससे बातचीत नहीं कर रही थी। किशोरी कुछ सामान लेने पास की दुकान पर गई थी। वह सामान लेकर लौट रही थी, तभी सूरज ने उसका रास्ता रोक लिया। दोनों के बीच बहस होने लगी। वह किशोरी को अनाप-शनाप कहने लगा, जिसके बाद वह बातों को अनसुना कर आगे बढ़ने लगी। इतने में सूरज ने कहा कि तू मेरी न हो सकी तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा। इतना कहने के बाद सूरज ने पिस्तौल निकाली और किशोरी पर गोली चला दी। बांह में गोली लगते ही किशोरी लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर पड़ी। इस बीच आरोपी फरार हो गया। इस पूरी घटना से लोग स्तब्ध हैं।

You may have missed