February 6, 2025

बिहार में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी, तापमान में अचानक गिरावट से बढ़ी ठंड

पटना। बिहार में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। आज सुबह पटना, मोतिहारी, भागलपुर, मधेपुरा समेत कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। इस कारण राहगीरों को काफी परेशानी भी हुई। दिन में गाड़ियों की लाइट जलाकर लोग सड़क से गुजर रहे हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बिहार में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की माने तो पहाड़ों पर चल रही ठंडी हवाओं के चलते बिहार में गलन और ठंड और बढ़ेगी। अगले 5 दिनों तक बिहार में मौसम साफ रहेगा, लेकिन राज्य के दक्षिण पश्चिम, दक्षिण मध्य और उत्तर इलाकों में सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा। तापमान में अचानक गिरावट से लोग बीमार भी पड़ रहे हैं। वहीं कोहरे की वजह से कई ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं। राजधानी पटना सहित राज्य के कई जिलों में सुबह में कोहरा और देर शाम के बाद से ठंड में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
बेगूसराय सबसे ठंडा, 6.3 डिग्री दर्ज किया गया न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग की माने तो बेगूसराय सबसे ठंडा शहर रहा जहां का न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं गया शहर का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस, भागलपुर के सबौर जिले का तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस, बांका का तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस, औरंगाबाद का 8.6 डिग्री सेल्सियस और रोहतास का तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, पटना में ठंड और कोहरा ज्यादा है। लेकिन न्यूनतम तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है।

You may have missed