February 23, 2025

पटना समेत प्रदेश के 12 जिलों में लू का यलो अलर्ट, 13 से 18 जून दस्तक देगा मानसून

पटना। बिहार के कई जिले एक बार फिर भीषण गर्मी की चपेट में है। मौसम विभाग ने आज 12 जिलों में लू का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, 18 मई तक चिलचिलाती धूप और गर्म हवा से राहत मिलने वाली नहीं है। अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक, 13 से 18 जून के बीच मानसून बिहार में दस्तक दे सकता है। राजधानी पटना समेत 17 जिलों का तापमान 40 डिग्री के पार चला गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान 43.3 डिग्री के साथ शेखपुरा सबसे गर्म जिला रहा। पछुआ हवा चलने के कारण बुधवार को अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री की बढ़ोतरी हुई। बेतिया में बुधवार हल्की बारिश हुई। हालांकि, आज सुबह से ही तेज धूप निकली हुई है। प्रदेश के जिन 12 जिलों में लू चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है, उनमें बक्सर, भोजपुर, औरंगाबाद, पूर्वी और पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, कैमूर, रोहतास,अरवल और गया शामिल हैं। पटना समेत 17 जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। शेखपुरा जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना का अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार 19 मई को बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन का क्षेत्र बनने के साथ इसका प्रभाव प्रदेश के उत्तरी भागों में पड़ेगा। उत्तरी भागों के अधिकतर जिलों में 19-21 मई के दौरान कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। बिहार में इस बार मानसून 13 से 18 जून के बीच दस्तक देगा। वहीं केरल में इस बार मानसून एक दिन पहले 31 मई तो दस्तक देगा। वैसे केरल में मानसून आने की सामान्य तारीख एक जून है। मौसम विभाग ने बुधवार देर रात यह जानकारी दी है। घोषित तारीख में 4 दिन कम या ज्यादा होने की गुंजाइश रखी गई है। यानी मानसून 28 मई से 3 जून के बीच कभी भी आ सकता है।

You may have missed