भाजपा महानगर की जिला कार्यसमिति की बैठक में बोले नंद किशोर यादव, कहा- संगठन आत्मीय संबध के आधार पर होता विकसित

पटना। भाजपा महानगर की एक दिवसीय जिला कार्यसमिति की संगठनात्मक बैठक विश्वनाथ भगत सभागार में आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने की।

बैठक की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसका उद्घाटन पूर्व मंत्री सह पटना साहिब विधायक नंद किशोर यादव, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी, प्रदेश मंत्री अमृता भूषण, प्रदेश मंत्री शिला प्रजापति, पूर्व जिलाध्यक्ष व बाढ़ के प्रभारी भाजपा सीताराम पांडेय ने मिलकर किया।
इस कार्यसमिति बैठक में आए भाजपा महानगर के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई व भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की गई। कोरोना नियामकों का पालन करते हुए वर्चुअल माध्यम से भी भाजपा पटना महानगर के पदाधिकारी इस बैठक में जुड़े थे।
अपने उद्घाटन भाषण में पूर्व पथ निर्माण मंत्री व पटना साहिब से भाजपा के वरिष्ठ विधायक नंद किशोर यादव ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन आत्मीय संबध के आधार पर विकसित होता है और भाजपा के कार्यकर्ता होने पर हमें गर्व का अनुभव होता है।
उन्होंने कहा की प्रधानमंत्री मोदी के किए गए कामों को जन जन तक पहुंचाने की जरूरत है। प्रधानमंत्री मोदी का सात साल का कार्यकाल चुनौतियों से भरा रहा है लेकिन मोदी जी ने बहुत ही सहजता और कुशल नेतृत्व क्षमता से सभी समस्याओं का समाधान करने में सफल रहे हैं। धारा 370 से लेकर राम मंदिर का मामला हो अथवा वैश्विक महामारी कोरोना का संकट, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने अद्भुत काम किया है।
पहली बार ऐसा हुआ है कि कोरोना जैसी विश्वव्यापी समस्या में भारत पूरे विश्व का नेतृत्व कर रहा है, चाहे वो 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज उपलब्ध कराने की बात हो या पूरे देश के अंदर हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की बात हो या फिर देश के वैज्ञानिकों से संवाद कर कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के निमित्त वैक्सीन बनाने की बात हो।
आज भारत और मोदी जी के नेतृत्व की प्रसंसा पूरी दुनिया में हो रही है। विरोधी दल सिर्फ भ्रम फैला कर नकारात्मक राजनीति करते हैं। उन्होंने ये भी कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए प्रत्येक मंडल में बूथ स्तर पर समीक्षात्मक बैठक कर काम करने की आवश्यकता है।
प्रदेश उपाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और मंडल को सशक्तिकरण के ऊपर जोर देने की बात करते हुए सक्रिय मंडल सशक्त बूथ का मंत्र दिया।
प्रधानमंत्री मोदी की ओर से कोरोना काल में 80 करोड़ लोगों तक मुफ्त राशन की व्यवस्था करने के साथ ही भारत की 136 करोड़ की जनसंख्या के देश में अभी तक 37 करोड़ से भी ज्यादा लोगो का वैक्सीनेशन हो चुका है और ये इतने बड़े पैमाने पर कोरोना का टीकाकरण का कार्य पूरे विश्व में अनूठा है। इस कार्यसमिति बैठक को प्रदेश मंत्री अमृता भूषण, शीला प्रजापति, जिला प्रभारी वीरेंद्र कुशवाहा ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन विनय केशरी व धन्यवाद ज्ञापन पंकज गुड्डू ने किया। इस अवसर पर संजय पप्पू ,मनोज सिंह, शैलेन्द्र यादव, राजेश श्रीवास्तव, कुमार राघवेंद्र, सुनील भारती टिंकू, विकास मेहता, हेमेंद्र हेमू, जयराज निषाद, बजरंगी कुमार, किरण कुमारी, मीना देवी, करुणा विद्यार्थी, धर्मवीर पासवान,विमल कश्यप, पंकज गुड्डू, निशांत कुशवाहा एवं मीडिया प्रभारी नवनीत कुमार उपस्थित थे।