February 23, 2025

राजद ने हमेशा कांग्रेस को छलने का काम किया, इसी से आहत मैंने इस्तीफा दिया था : अशोक चौधरी

कटिहार। बिहार सरकार के मंत्री और नीतीश कुमार के खास लोगों में गिने जाने वाले अशोक चौधरी शुक्रवार को प्रत्याशियों का प्रचार करने कटिहार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने इंडिया गठबंधन और लालू यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल पर जमकर हमला किया। इसके साथ-साथ उन्होंने सालों पुराना राज खोलते हुए बताया कि आखिर क्यों उन्होंने कई सालों पहले बिहार कांग्रेस से इस्तीफा देकर जनता दल यूनाइटेड का दामन थामा था। मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि राजद अक्सर कांग्रेस और अपने सहयोगियों को छलने का काम करती है और कांग्रेस सब चीज समझते हुए भी नासमझ बनकर बैठी हुई है, इस कारण से उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। अल्पसंख्यक बहुल इलाके में भाजपा के साथ गठबंधन के बाद क्या अल्पसंख्यक समुदाय के लोग जदयू को वोट करेंगे इस सवाल के जवाब पर अशोक चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार के विकास से प्रभावित होकर इससे पहले भी अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने एनडीए गठबंधन को वोट किया है, उम्मीद है इस बार परिणाम और बेहतर होगा जिसमें देश भर में एनडीए गठबंधन के 400 पर का नारा सफल होगा। बता दें कि साल 2015 के चुनाव में जब नीतीश कुमार ने भाजपा के साथ अपना वर्षों पुराना गठबंधन तोड़कर बिहार में लालू यादव की पार्टी के साथ मिलकर महागठबंधन बनाया था तब बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी हुआ करते थे। साल 2015 में बिहार कांग्रेस को बिहार में 27 विधानसभा सीटों पर जीत मिली थी जिसमें अशोक चौधरी और राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का अहम योगदान बताया जाता था। बिहार सरकार में अशोक चौधरी को शिक्षा मंत्रालय जैसा महत्वपूर्ण मंत्रालय मिला था और बोर्ड में नई तकनीक लाने का श्रेय भी अशोक चौधरी को ही जाता है। हालांकि अब अशोक चौधरी जदयू के महत्वपूर्ण नेताओं में से एक गिने जाते हैं वह नीतीश कुमार के काफी करीबी बताए जाते हैं और नीतीश सरकार में हर बार उन्हें कोई बढ़िया मंत्रालय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जरूर देते हैं।

You may have missed