September 22, 2024

लखीसराय : अवैध संबंधों को लेकर महिला की हत्या, घर के बथान में मिला शव, ससुराल वाले फरार

लखीसराय। जिले में अवैध संबंधों को लेकर बीते रविवार को जिस महिला व उसके प्रेमी को पेड़ से बांधा गया था, उस महिला की हत्या कर दी गई है। घटना को किसने अंजाम दिया, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। वहीं हत्या के बाद से महिला के ससुराल पक्ष के लोग फरार हो गए हैं। बताया गया कि अंतिम बार महिला के पति ने उसे मायके छोड़कर आने की बात कही थी। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।
वीरुपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बीते रविवार से जारी हाईवोल्टेज ड्रामे ने नया मोड़ ले लिया है। बीती रविवार की रात बिजली पोल और पेड़ से बांधकर रखी गयी विवाहिता को अगले दिन उसके कथित प्रेमी के साथ शादी करा दी गई थी। गुरुवार को हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

हत्या मामले में महिला के मायके वालों ने थाने में आवेदन दिया है, जिसमें हत्यारोपी के रूप में महिला के पति चंदन कुमार और ससुर अवधेश महतो को नामजद किया गया है। महिला को पति की गैर मौजूदगी में अन्य युवक के साथ देखे जाने की स्थिति में गांव वालों ने रविवार की पूरी रात महिला और उसके कथित प्रेमी को बिजली के पोल और पेड़ से बांधकर रखा गया था। अगले दिन सोमवार को उसके पति सहित सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी में उसका विवाह कथित प्रेमी (शेखपुरा जिला निवासी सचिन कुमार) से करा दी गयी थी। इसके बाद भी मामले की जानकारी एक किलोमीटर दूर स्थित स्थानीय थाने की पुलिस को नहीं हो सकी।

सारे घटनाक्रम के बाद प्रेमी के साथ विदा किये जाने के दौरान मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा प्रेमी और महिला को थाना लाया गया था। वहां महिला जबरन शादी कराने की बात कहती हुई प्रेमी के बजाय अपने पति और दो वर्षीय पुत्री के साथ ही रहने की जिद पर अडिग रही। वहीं ससुराल वाले किसी भी हालत में महिला को घर ले जाने को राजी नहीं थे।

महिला व उसके प्रेमी को थाना ले जाने के बाद महिला को चौकीदार की मदद से सोमवार की देर शाम ससुराल के दरवाजे तक पहुंचाया जा सका था। दरवाजे तक पहुंची महिला मिन्नतें करती रहीं, पर घर वालों ने घर में प्रवेश करने नहीं दिया। मजबूरन महिला घर से दूर बथान (पशु सेड) में रात बिताने को मजबूर रही। अगले दिन मंगलवार को पता चला कि महिला को ससुराल वालों द्वारा शेखपुरा जिला स्थित उसके मायके पहुंचा दिया गया।

गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब महिला का शव उसी बथान में पाए जाने की जानकारी मिली, जहां वह सोमवार की रात बिताई थी। बथान में एक बिछावन, दो सूखी रोटी और महिला का शव पड़ा था। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया तो महिला के ससुराल वाले गायब पाए गए। आरोप-प्रत्यारोप के बीच ससुराल और मायके वालों के द्वारा एक-दूसरे पर आरोप लगाने की बातें सामने आईं। मायके वाले मृतका के पति और ससुर को हत्या का आरोपी बता रहे हैं तो ससुराल पक्ष के लोग मायके में ही हत्या कर शव को घर से दूर बथान पर रख देने की बात कह रहे हैं। ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चा हो रही हैं।

ग्रामीणों की मानें तो मृतक महिला पूर्व के वर्षों में भी अलग-अलग दो युवको के साथ संदेहास्पद स्थिति में मिली थी। इसके बाद पंचायती और मायके वालों के मान-मनौवल पर ससुराल पक्ष उसे रखने को तैयार हुआ था। मृतका की एक छोटी बच्ची भी है, जिसे ससुराल पक्ष के द्वारा अपने पास रख लेने की जानकारी मिली है।

थानाध्यक्ष दिलीप कुमार ने कहा कि महिला की हत्या गला दबाकर की गयी है। मृतका के भाई द्वारा लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसमें महिला के पति और ससुर को नामजद किया गया है। आरोपी घर से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी को लेकर हर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

yashoraj infosys best website design company in patna : www.yashoraj.com

You may have missed