सीवान : छेड़खानी का विरोध करने पर महिला की गोली मारकर हत्या, बच्चों के साथ सो रही थी छत पर

सीवान। सीवान में छेड़खानी का विरोध करने पर महिला की गोली मार हत्या कर दी गई। घटना सराय ओपी क्षेत्र के अतरसुआ गांव की है। बुधवार की देर रात महिला अपने बच्चों के साथ छत पर सो रही थी, तभी बदमाश छत पर आए व छेड़खानी करने लगे। महिला ने विरोध किया तो बदमाश ने महिला को गोली मार दी। गोलियों की आवाज सुन इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग छत पर पहुंचे तो महिला घायल पड़ी थी। आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार छेड़खानी का विरोध करने पर हत्या की बात सामने आ रही है। पुलिस बदमाशों की तलाश में छापेमारी कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। मृतका की पहचान सराय ओपी क्षेत्र के अतरसुमा गांव के धर्मेंद्र पंडित की 32 वर्षीय पत्नी सरस्वती देवी के रूप में हुई। धर्मेंद्र पंडित बेंगलुरु में सर्विस करता है, और अभी वहीं है।
घटना के बाद लोग आक्रोशित हो गए और पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की। लोगों का कहना है कि ऐसे आधी रात को किसी के घर में घुसकर वारदात को अंजाम देने वालों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।