जमुई में झाड़-फूंक से गई महिला की जान, छानबीन में जुटी पुलिस

जमुई, बिहार। जमुई में शनिवार को अंधविश्वास के चक्कर में एक महिला की मौत हो गई। घटना जमुई जिले के सिमुलतला के कनोदी गांव की है। महिला की मौत के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए झाझा थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर झाझा पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेजा गया। मृतका के परिजनों ने लिखित आवेदन देकर झाझा पुलिस से पोस्टमार्टम नहीं करने की गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया। मृतका की पहचान सिमुलतला इलाके के कनौदी गांव गोपाल वर्मा की पत्नी देवंती देवी (50) के रूप में हुई है। देवंती पिछले 2 साल से बीमार थी।

बताया जा रहा हैं की बीमार महिला को परिजन इलाज के लिए उसे कई जगह ले गए पर महिला के स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजन उसे शुक्रवार को झाझा थाना अंतर्गत फोकसा गांव में एक तांत्रिक के पास ले गए। जहां शुक्रवार देर रात से तांत्रिक ने झाड़-फूंक किया। तांत्रिक ने परिजनों को बताया कि महिला के शरीर पर भूत-प्रेत का साया है। परिजनों को भूत-प्रेत का डर दिखाकर रात भर झाड़-फूंक किया। लेकिन अचानक महिला की तबीयत और बिगड़ गई। इसके बाद आज सुबह उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद महिला के पति और बेटे ने हत्या का आरोप लगाते हुए झाझा थाना पुलिस को घटना की सारी जानकारी दी। वही झाझा थाना अध्यक्ष राजेश शरण ने बताया कि मृतक महिला के परिजनों और ग्रमीणों को बताया गया कि महिला की मौत झाड़ फूक से नहीं हुई बल्कि किसी बीमारी के कारण हुई है।