February 21, 2025

बिहार में अगले 48 घंटे में फिर बदलेगा मौसम, हल्की बूंदाबांदी का पूर्वानुमान, 4 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान

पटना। बिहार में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, आगामी 48 घंटे के भीतर राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। तापमान में वृद्धि के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है, जिससे ठंड का प्रभाव धीरे-धीरे कम होने लगेगा। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। इस बदलाव के पीछे पश्चिम भारत के पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ को मुख्य कारण बताया गया है। इसके प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान के ऊपर चक्रवातीय परिसंचरण क्षेत्र विकसित हो गया है। इसी के चलते 19 और 20 फरवरी के आसपास उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी और मैदानी भागों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। हालांकि, बिहार के दक्षिणी हिस्सों, जिसमें पटना और इसके आसपास के जिले शामिल हैं, वहां मौसम शुष्क बना रहेगा। बीते कुछ दिनों में राज्य के तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि दर्ज की गई है। सोमवार को पटना सहित राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखी गई। पटना का न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। वहीं, सहरसा जिले के अगवानपुर में सबसे कम 10.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान की बात करें तो पटना में यह 28.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि बक्सर जिले में 30.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि फरवरी के शेष दिनों में भी तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है। पश्चिमी विक्षोभ की स्थिति कमजोर होने और वर्षा की संभावना कम होने के कारण मौसम शुष्क बना रहेगा। इस मौसम परिवर्तन का असर खेती-किसानी पर भी पड़ सकता है। विशेष रूप से गेहूं की फसल पर इसका प्रभाव दिख सकता है। मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे अपनी फसलों की देखभाल पर विशेष ध्यान दें। तापमान में बढ़ोतरी के कारण मिट्टी में नमी की कमी हो सकती है, ऐसे में किसान समय रहते गेहूं की फसल की सिंचाई करें। यह समय पटवन के लिए अनुकूल है, जिससे फसल की वृद्धि बेहतर हो सकेगी। अगले कुछ दिनों में ठंड से राहत मिलने के साथ ही गर्मी का एहसास बढ़ने लगेगा। हालांकि, मौसम में अचानक होने वाले बदलावों को ध्यान में रखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासतौर पर सुबह और शाम के समय ठंडी हवाएं चल सकती हैं, जिससे बुजुर्गों और बच्चों को विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है।

You may have missed