दूसरे चरण में अबतक सबसे अधिक कटिहार में मतदान, भागलपुर में कई ईवीएम खराब
![](https://www.amritvarshanews.in/wp-content/uploads/2024/04/02-15.jpg)
- निर्दलीय प्रत्याशी पप्पू यादव का बड़ा बयान, सब मेरे खिलाफ पर पूर्णिया की जनता मेरे साथ है
पटना। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग में बिहार की 5 सीटों किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर और बांका में मतदान हो रहा है। सुबह 9 बजे तक 5 सीटों में 9.84 प्रतिशत वोटिंग हुई है। जिसमें सबसे ज्यादा कटिहार में 13.75 फीसदी वोट पड़े हैं। पूर्णिया से निर्दलीय लड़ रहे पप्पू यादव ने वोट डालने के बाद कहा कि चुनाव पूरे देश में है मगर निगाहें सिर्फ पूर्णिया पर टिकी हैं। देश के पीएम से लेकर सीएम तक एक व्यक्ति को समाप्त करने में लगे हैं। इधर भागलपुर, किशनगंज के कुछ बूथों पर ईवीएम खराब होने की खबर है।कई जगह मशीन बदल दी गई है। पहले फेज में कम वोटिंग के बाद दूसरे चरण में वोटर्स में उत्साह दिख रहा है। बांका,भागलपुर,पूर्णिया में हीट वेव को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है, इसके बीच मतदाताओं की लंबी लाइन देख रही है। इसमें 50 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 47 पुरुष और मात्र 3 महिला कैंडिडेट्स हैं। इस फेज में 3 सीटों पर सीधा तो दो पर त्रिकोणीय मुकाबला देखा जा रहा है। इन 5 लोकसभा क्षेत्र में 93 लाख 96 हजार 298 वोटर्स वोट कर रहे हैं। इनमें 48,81437 पुरुष वोटर्स हैं और 45,14455 महिला वोटर्स हैं। वहीं थर्ड जेंडर वोटर्स की संख्या 306 है। जबकि 2379 वोटर्स ऐसे हैं जिनकी उम्र 100 साल से ज्यादा है। 13,7773 वोटर्स पहली बार वोट करेंगे। इनके लिए कुल कुल 9,322 बूथ बनाए गए हैं।
पप्पू यादव बोले- देश के पीएम, सीएम और विपक्ष एक व्यक्ति के खिलाफ हैं
पूर्णिया में मतदान करने के बाद पप्पू यादव ने कहा पूर्णिया पॉलिटिकल और कल्चरल इतिहास लिखेगा। पूर्णिया, सीमांचल, कोसी और बिहार का इतिहास लिखेगा। चुनाव पूरे देश ने है मगर निगाहें सिर्फ पूर्णिया पर टिकी हैं। देश के पीएम से लेकर सीएम तक एक व्यक्ति को समाप्त करने में लगे हैं।
किशनगंज में ईवीएम में शिकायत
किशनगंज के बधुरगंज उत्क्रमित कन्या विद्यालय बेनी के बूथ नंबर- 205, 207 में ईवीएम में खराब हो गया। शिकायत के बाद मशीन को बदला गया है।
किशनगंज के 5 बूथ में पोलिंग से पहले ईवीएम बदले गए
किशनगंज में ठाकुरगंज विधानसभा के बूथ संख्या 246, 153, 173, 284 और 263 में मॉक पोलिंग के दौरान गड़बड़ी पाए जाने पर मतदान से पहले ईवीएम मशीन बदली गई।
बांका,भागलपुर,पूर्णिया समेत 14 जिलों में हीट वेव का अलर्ट
बिहार के कई जिले लू की चपेट में है। मौसम विभाग ने 26 अप्रैल से 28 अप्रैल तक पटना, पश्चिम चंपारण, गोपलगंज, सारण, बक्सर, रोहतास, औरंगाबाद, जहानाबाद, शेखपुरा, गया, जमुई, बांका, भागलपुर, पूर्णिया में लू का अलर्ट जारी किया गया है। बाकी 24 जिलों में हॉट डे रहेगा। वहीं गुरुवार को 8 जिलों का पारा 40 डिग्री के ऊपर दर्ज किया गया। गया 41.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ज्यादा गर्म रहा। मौसम विभाग के अनुसार आज 26 अप्रैल को दोपहर 12 से 3 बजे के बीच सतही हवा की रफ्तार 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे रहने कि संभावना है। मौसम विभाग ने इस दौरान घर से बाहर निकलने से बचने और खुद को हाइड्रेटेड रखने की सलाह दी है।
![](https://www.amritvarshanews.in/wp-content/uploads/2023/10/WhatsApp-Image-2023-10-12-at-6.29.32-PM.jpeg)