अररिया में ग्रामीणों ने प्रेमी जोड़े को सुनाई सजा, भोज देने के साथ डेढ़ लाख रुपये का लगाया जुर्माना

अररिया। अररिया में ग्रामीणों ने एक प्रेमी जोड़े पर डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। यह मामला फारबिसगंज अनुमंडल के नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र की रामघाट पंचायत का है। दरअसल, दो बच्चों की मां अमृतसर से अपने प्रेमी से मिलने रामघाट पहुंच गई। दोनों ने लगभग दो महीने पहले मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार शादी कर ली।

शादी के बाद वह अपने ससुराल में रहने लगी। ग्रामीणों को यह बात अच्छी नहीं लगी और उन्होंने जोड़े पर ग्रामीणों को भोज देने और डेढ़ लाख रुपये जुर्माना के तौर पर देने का फरमान सुनाया। जब जोड़े ने उनकी मांग नहीं मानी तो घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की गई। पुलिस को जब मामले का पता चला तो वह लड़के के पिता को थाने लेकर आई।
जानकारी के अनुसार युवक अमृतसर में रहकर मजदूरी करता था। यहीं दो बच्चों की मां ऊषा देवी से उसका काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दो महीने पहले महिला अपने दोनों बच्चों के साथ नरपतगंज आ गई और दोनों ने शादी कर ली। इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें जुर्माना और भोज की सजा सुनाई। नहीं मानने पर घर में घुसकर मारपीट की।
वहीं इस मामले पर स्थानीय मुखिया का कहना है माल बात नहीं है। दोनों बिना शादी के साथ रह रहे हैं। ग्रामीणों ने इसका विरोध किया है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।