पटना में चने के खेत के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट; खूब चली लाठियां, तीन घायल
पटना। फतुहा थाना क्षेत्र के नत्थूपुर गांव में खेत से चने तोड़ने के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों ओर से लाठियां और धारदार हथियार से हमला किया गया। इसमें तीन लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फतुहा क्षेत्र के ग्राम नत्थुपुर में सोमवार की रात राजेश पासवान की बेटी प्रियंका कुमारी घर के पास के खेत से चना की फसल उखाड़ कर खा रही थी। यह देख राम वचन कुमार ने राजेश पासवान से इसकी शिकायत की तो इस बात पर विवाद बढ़ता ही चला गया और दोनों पक्षों के कई लोग वहां जुट गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में तब्दील हो गई। इसके बाद दोनों ओर से लाठियां चलने लगीं। इसमें एक पक्ष के स्व. बिजली पासवान के 50 वर्षीय पुत्र बुंदेल पासवान व उसका 30 वर्षीय बेटा राजेश पासवान तथा दूसरे पक्ष से विजय पासवान की 22 वर्षीय पुत्र राम वचन कुमार घायल हो गए। आनन -फानन में सभी घायलों को फतुहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों द्वारा तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए तीनों घायलों को पटना रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामले को लेकर गांव में तनाव बना हुआ है। थाना अध्यक्ष रूपक कुमार अंबुज का कहना है कि मामूली बात पर विवाद हुआ था। फिलहाल अभी तक किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है।आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।