September 8, 2024

PATNA : भाजपा के खिलाफ ‘पोल खोल’ अभियान के तहत जदयू ने निकाला मशाल जुलूस

  • जातिगत गणना पर भाजपा का असली चेहरा बेनकाब हुआ : उमेश कुशवाहा

पटना। केंद्र सरकार द्वारा जाति आधारित गणना रोकने की साजिश एवं अन्य जनविरोधी नीतियों के खिलाफ पटना महानगर व पटना ग्रामीण जदयू ने संयुक्त रूप से शुक्रवार को ‘पोल खोल अभियान’ के तहत बिहार प्रदेश जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा के नेतृत्व में मशाल जुलूस व कैंडल मार्च निकाला। जदयू का यह मशाल जुलूस व कैंडल मार्च वीरचंद्र पटेल मार्ग स्थित पार्टी मुख्यालय से इनकम टैक्स गोलंबर एवं डाकबंगला चैराहा होते हुए पटना जंक्शन के समीप हार्डिंग पार्क तक निकाला गया। वही इस मशाल जुलूस में पार्टी के मा.स.वि.प. संजय कुमार सिंह ‘गांधी जी’, रविन्द्र प्रसाद सिंह एवं नीरज कुमार, प्रदेश महासचिव अरूण कुमार, सुनील कुमार सुशील, चन्दन कुमार सिंह, वासुदेव कुशवाहा, रणविजय कुमार, पटना ग्रामीण जिलाध्यक्ष अशोक कुमार एवं पटना नगर जिलाध्यक्ष आसिफ कमाल, प्रो. संतोष दास तांती, परमहंस कुमार, वीरेन्द्र सिंह दांगी, राजवर्द्धन यादव, पूर्व विधायक, प्रदेश सचिव, रामेश्वर रजक, मुन्ना चैधरी एवं चंचल पटेल सहित दर्जनों वरिष्ठ पदाधिकारीगण एवं सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्तागण मौजूद रहे। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने केंद्र सरकार को जमकर निशाने पर लिया। उन्होंने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि देश की मौजूदा सरकार दलितों, पिछडों एवं गरीबों को उनके वजीफा हकों से वंचित रखने के लिए अलग-अलग हथकंडे अपना रही है।

बिहार में भाजपा के नेता जाति आधारित गणना की सराहना करते हैं, वहीं दूसरी तरफ केंद्र सरकार सर्वोच्च न्यायालय में जाति आधारित गणना के खिलाफ हलफनामा दायर करती है। भाजपा की यह दोहरी नीति बिहार और देश की जनता समझ रही है। सर्वोच्च न्यायालय में हलफनामा दाखिल कर केंद्र सरकार ने यह दर्शा दिया है कि उनकी मानसिकता गरीब दलित और वंचित विरोधी है। उन्होंने आगे कहा की जाति आधारित गणना पर भाजपा का असली चेहरा बेनकाब हो चुका है। भाजपा के इसी मानसिकता से प्रदेश की जनता को आगाह करने के लिए पार्टी ने प्रदेशव्यापी ‘पोल खोल’ अभियान चलने का निर्णय लिया है। जो कि 3 चरणों में क्रमवार तरीके से चलाया जाएगा। आज पटना महानगर एवं पटना ग्रामीण के अलावे शेखपुरा, कटिहार नगर एवं कटिहार ग्रामीण, मधुबनी, नवादा, बक्सर, सीवान, शिवहर एवं मधेपुरा में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मशाल जुलूस निकालकर ‘पोल खोल’ अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के माध्यम से हम बिहार की जनता के समक्ष केंद्र सरकार के जनविरोधी नीतियों का पोल खोल करेंगे। भाजपा इस ‘पोल खोल’ अभियान से पूरी तरह भयभीत है, भाजपा को एहसास हो चुका है कि उनके काले कारनामों एवं छल-कपट के राजनीति की कलई खुलने वाली है।

yashoraj infosys best website design company in patna : www.yashoraj.com

You may have missed