तेजस्वी का नीतीश पर तंज़, कहा- उनके स्वास्थ्य की स्थिति नाजुक, उनको जल्द देना चाहिए इस्तीफा

पटना। बिहार विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही के दौरान बुधवार को बिहार विधान परिषद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बीच जोरदार टकराव देखने को मिला। वही इस भिड़ंत के बाद बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए नीतीश कुमार पर तंज किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखा जाए तो बिहार के मुख्यमंत्री आदरणीय हमारे चाचा नीतीश कुमार जी का स्वास्थ्य ठीक नहीं है। तेजस्वी ने कहा कि जिस प्रकार मुख्यमंत्री किसी भी नेता या फिर महिला पर सदन में इतनी जल्दी गुस्सा हो जाते हैं उनसे यह साफ जाहिर होता है कि इन दिनों उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा।
नीतीश कुमार की सेहत पर तेजस्वी का कटाक्ष
तेजस्वी यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की हालत अब काफी नाजुक हो गई है। उन्होंने तंज भरे लहजे में कहा कि वे भगवान से कामना करते हैं कि नीतीश कुमार जल्द स्वस्थ हो जाएं, लेकिन मौजूदा स्थिति को देखते हुए यह गंभीर चिंता का विषय है कि ऐसे व्यक्ति के हाथ में बिहार की सत्ता है, जो खुद कमजोर स्थिति में हैं। तेजस्वी ने कहा कि बिहार की 14 करोड़ जनता को इस पर सोचने की जरूरत है कि राज्य किसके हाथों में है और किस तरह की सरकार चल रही है।
नीतीश केवल महिलाओं पर गरम होते हैं
राबड़ी देवी के साथ हुई तीखी नोकझोंक का जिक्र करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार केवल महिलाओं पर गुस्सा निकाल सकते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि राबड़ी देवी बिहार की पहली महिला मुख्यमंत्री रह चुकी हैं और उनका अपमान करना ठीक नहीं है। तेजस्वी ने आगे कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि मुख्यमंत्री के पास अब न कोई नीति है और न ही कोई सिद्धांत।
लालू यादव और नीतीश कुमार की तुलना नहीं हो सकती
तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार की तुलना लालू प्रसाद यादव से करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद ने कई प्रधानमंत्रियों के बनने में अहम भूमिका निभाई है, जबकि नीतीश कुमार केवल अपनी कुर्सी बचाने के लिए राजनीति करते हैं। तेजस्वी ने दावा किया कि लालू प्रसाद यादव ने कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया, चाहे सत्ता उनके पास रही हो या न रही हो। इसके विपरीत, नीतीश कुमार किसी भी समय किसी भी पक्ष में जा सकते हैं, उनकी कोई स्थिर विचारधारा नहीं है।
नीतीश कुमार को देना चाहिए इस्तीफा
तेजस्वी ने कहा कि बिहार के लोग अब जागरूक हो चुके हैं और वे सोच रहे हैं कि राज्य का भविष्य किस दिशा में जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार अब बिहार संभालने की स्थिति में नहीं हैं और उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। तेजस्वी यादव के इस बयान से बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। विपक्ष अब सीधे मुख्यमंत्री पर निशाना साध रहा है और उनके स्वास्थ्य को लेकर भी सवाल खड़े कर रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जदयू की ओर से इसका क्या जवाब आता है और इस राजनीतिक घमासान का आगे क्या असर पड़ता है।

You may have missed