मुजफ्फरपुर : किशोरी की गला दबाकर हत्या, पिता-सौतेली मां पर लगा आरोप
![](https://www.amritvarshanews.in/wp-content/uploads/2021/06/murder.jpg)
मुजफ्फरपुर । जिले के सकरा थाना क्षेत्र के रायपुर दुबहा गांव में किशोरी की हत्या की गई है। पिता और सौतेली मां पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। मृत किशोरी की पहचान सरवन दास की बेटी नेहा कुमारी (13) के रूप में हुई है।
![](https://www.amritvarshanews.in/wp-content/uploads/2023/10/WhatsApp-Image-2023-10-12-at-6.29.32-PM.jpeg)
घटना की सूचना पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सकरा थाना की पुलिस भी जांच करने मौके पर पहुंच चुकी है। आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
लोगों का कहना है कि किशोरी के घर के पास में गड्ढा है। इसमें पानी भर गया है। गुरुवार शाम किशोरी इसी गड्ढे में से मछली पकड़ कर घर ले गई थी। रात को खुद बनाया और सभी लोगों ने खाया। 10 बजे रात को वह सोने चली गई। देर रात दो बजे उसकी दादी की नींद खुली।
उसने देखा कि किशोरी अस्त-व्यस्त हालत में बिछावन पर पड़ी हुई है। उन्होंने उसे उठाने का प्रयास किया। लेकिन, उसका शरीर ठंडा पड़ चुका था। बुजुर्ग महिला शोर मचाने लगी। इसके बाद घर के अन्य सदस्यों की नींद खुली।
मृत किशोरी के मामा रविन्द्र दास ने बताया कि तीन साल पहले उनकी बहन बेबी देवी की भी उनके बहनोई ने हत्या कर दी थी। इसके बाद बहनोई ने पूजा देवी से दूसरी शादी कर ली।
पहली पत्नी से उसे दो बेटी व एक बेटा है। दूसरी पत्नी को पहले पति से एक बेटी है। वह बच्चे को साथ लेकर ही आई थी। देर रात बहनोई व उसकी पत्नी ने मिलकर उनके भांजी की हत्या कर दी।
पुलिस आशंका जता रही है कि बच्चों के बीच झगड़ा हुआ होगा। इसी कारण उसकी हत्या की गई है। हालांकि, अभी पूछताछ चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या का कारण स्पष्ट होगा।