झारखंड के सीएम की कुर्सी पर फिर बैठेंगे हेमंत सोरेन, विधायक दल की बैठक में लिया गया फैसला

रांची। पूर्व सीएम के आवास पर चल रही विधायक दल की बैठक में हेमंत सोरेन को एक बार फिर से विधायक दल नेता चुन लिया गया है। गठबंधन के सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से हेमंत सोरेन को फिर से मुख्यमंत्री बनाने के लिए अपनी सहमति दे दी है। बैठक में मौजूद सीएम चंपई सोरेन ने अपने इस्तीफे की पेशकश की है। चंपई सोरेन ने ही बैठक में हेमंत सोरेन को झारखंड का अगला सीएम बनाने के प्रस्ताव रखा जिसे विधायक दल ने स्वीकार कर लिया। वहीं चंपाई सोरेन जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष होंगे। हालांकि, अभी भी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। पूर्व सीएम हेमंत सोरेन 5 दिन पहले जेल से रिहा हुए हैं। उनकी रिहाई के साथ ही झारखंड की राजनीति गरमा गई है। सीएम आवास पर आज इंडिया ब्लॉक की बैठक हो रही है। बैठक में जेएमएम-कांग्रेस और राजद के विधायक और मंत्री शामिल हैं। इस बैठक को कई लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मंगलवार से ही सीएम चंपाई सोरेन के कई कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। इसके बाद झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन उनके मोरहाबादी स्थित आवास पर मिलने गए। दोनों के बीच लगभग आधे घंटे से अधिक समय तक बातचीत हुई है। इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने भी सीएम चंपाई सोरेन से मुलाकात की है। हेमंत सोरेन के जेल से आने के बाद से उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी पहले से अधिक सक्रिय हो गई हैं। कल्पना के साथ होने को राजनीतिक संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है। आज की इस बैठक को लेकर जेएमएम महासचिव विनोद पांडे ने कहा कि गठबंधन की बैठक बुलाई गई है। इसमें वर्तमान राजनीति परिस्थितियों पर चर्चा की जाएगी। विधानसभा चुनाव पर भी चर्चा होगी। सरकार ने अब कितना काम किया, क्या काम हुआ इन सब पर बात होगी। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि बैठक विधानसभा चुनाव को लेकर बुलाई गई है। इस बैठक में जो निर्णय होगा वह सर्वमान्य होगा।

About Post Author

You may have missed