भाजपा विधायक श्रेयसी सिंह का एस्कॉर्ट वाहन नालंदा में दुर्घटनाग्रस्त, पांच लोग जख्मी, बाल-बाल बची विधायक

नालंदा। बिहार के नालंदा में भीषण सड़क हादसा हुआ है। जहां जमुई की बीजेपी विधायक श्रेयसी सिंह का एस्कॉर्ट वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस हादसे में 5 लोग घायल हुए हैं। सभी को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में दो की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, विधायक खुद भी अस्पताल में मौजूद हैं। श्रेयसी सिंह अपने बॉडीगार्ड के साथ पटना से जमुई लौट रहीं थीं, तभी नालंदा के बिंद के पास बुधवार देर रात को उनकी एस्कॉट गाड़ी की ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। भीषण टक्कर के बाद गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, सभी को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घायलों से मिलने के लिए विधायक श्रेयसी सिंह भी सदर अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हाल-चाल जाना। घायल अंगरक्षकों की पहचान नालंदा के रहने वाले रंजन कुमार और गोलू कुमार सिंह के रूप में हुई है। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। वहीं, बिंद थानाध्यक्ष चंदन कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात ट्रैक्टर के खिलाफ मामला दर्जकर जल्द ही गाड़ी को जब्त कर लिया जाएगा। 33 वर्षीय श्रेयसी सिंह जमुई विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी की विधायक हैं। उनके पिता दिग्विजय सिंह केंद्रीय मंत्री रहे थे, जबकि उनकी माता पुतुल कुमारी बांका से सांसद रह चुकी हैं। श्रेयसी निशानेबाज भी हैं। उन्होंने ग्लासगो में आयोजित 2014 राष्ट्रमंडल खेलों में निशानेबाजी की डबल ट्रैप स्पर्धा में रजक पदक प्राप्त किया है। 2014 एशियाई खेलों में डबल ट्रैप टीम स्पर्धा में शगुन चौधरी और वर्शा वर्मन के साथ कांस्य पदक जीता था।
