February 8, 2025

शर्मनाक हरकत : शिव की गोली मारकर की गई थी हत्या, पुलिस ने बताया हादसा, दोबारा पोस्टमार्टम में हुआ खुलासा

समस्तीपुर। जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र की कमला पंचायत के अंडाहा निवासी शिव कुमार कुरेरी (20) की मौत दोबारा पोस्टमार्टम के बाद हत्या में बदल गई। उसकी बेगूसराय जिले में अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी, लेकिन बेगूसराय पुलिस ने सड़क हादसे में उसकी मौत बताने के साथ पोस्टमार्टम करा परिजनों को शव सौंप दिया था।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव के पूर्व सरपंच कपिलदेव पासवान के अनुसार शिव कुमार कुरेरी की बुधवार को बेगूसराय जिले के फुलवरिया थाना क्षेत्र में बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।  इसके बाद वहां की पुलिस शव को सड़क हादसा में मौत मान पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया था।

वहीं, परिजन जब शव को अंडहा लाए तब लोगों को उसके सिर पर गोली का निशान दिखा। उसके बाद सभी ने स्थानीय विधायक व पूर्व मंत्री आलोक कुमार मेहता को घटना की जानकारी देकर मदद की गुहार लगाई। इसके बाद विधायक के प्रयास से बेगूसराय पुलिस ने शव का गुरुवार को दोबारा पोस्टमार्टम करवाया। जिसमें गोली लगने से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद फुलवरिया थाना में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।

घटना पर दु:ख जताते हुए विधायक आलोक कुमार मेहता ने परिजन को मुआवजा देने व आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। बता दें कि मृतक शिव कुमार कुरेरी घूम-घूम कर मधुमक्खी का शहद निकालने का काम करता था। उसी दौरान बेगूसराय में उनके साथ उक्त घटना हुई। इधर पुलिस की लीपापोती की कार्रवाई की लोग आलोचना कर रहे हैं।

You may have missed