गया : बालू माफिया के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे पुलिस अधिकारियों पर हमला, फायरिंग करने के साथ पत्थर भी फेंके

गया। जिले के मेहरबानपुर में कार्रवाई करने पहुंचे एडिशनल एसपी व चाकंद थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया। इस दौरान बदमाशों ने न सिर्फ उन पर गोलियां चलाई, बल्कि पत्थर भी फेंके। हालांकि इस हमले में दोनों पुलिस अधिकारियों को गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद चाकंद थाना के पुलिस पदाधिकारी के बयान पर एफआईआर की गई है। इसमें 25 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है जबकि 100 अज्ञात लोग शामिल हैं।

बालू माफियाओं के हमले को लेकर थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार की रात को स्थानीय थाना क्षेत्र के मेहरबानपुर गांव के समीप बालू से लदा हुए वाहन को रोका गया था। उसके बाद बालू माफिया और स्थानीय लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। भीड़ के बीच से कई राउंड फायरिंग की गई । फिर भी पुलिस ने संयम बरतते हुए हंगामा कर रहे लोगों को घटनास्थल से भगाया। उन्होंने बताया कि बाद में चाकंद थाने की पुलिस के सहयोग के लिए जिला मुख्यालय व बेलागंज अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया। इसके बाद भी माफिया ने पथराव और फायरिंग की। देर रात तक दोनों थाना की पुलिस गश्ती कर कई स्थानों पर छापेमारी की।
चाकंद थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने हमले में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। साथ ही हाइवा को जब्त कर लिया है। वहीं अन्य आरोपितों की खोज करने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।