कांग्रेस में फेरबदल : बृजलाल खाबरी बिहार के सह-प्रभारी नियुक्त, दलितों को पक्ष में करने की कोशिश

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में मात्र 19 सीटों पर सिमटने वाली कांग्रेस में फेरबदल शुरू हो गया है। पार्टी हाईकमान ने बिहार में प्रभारी सचिव की नियुक्ति की है। कद्दावर दलित नेता बृजलाल खाबरी को राष्ट्रीय सचिव बनाकर बिहार का सह प्रभारी बनाया है। इससे पहले पार्टी ने भक्त चरण दास को पार्टी का प्रभारी नियुक्त किया था। खाबरी को प्रभारी सचिव बनाकर कांग्रेस ने दलितों के वोट बैंक में सेंधमारी की कोशिश की है। बता दें चुनाव में मिली हार के बाद से ही बिहार कांग्रेस में विरोध के स्वर मुखर हो रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष के पद पर नये चेहरे की मांग लगातार उठ रही है। ऐसे में कयास तेज हो गई है कि इस फेरबदल के बाद जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष का चेहरा भी बदलने वाला है।
जानकारी के अनुसार कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बिहार सहित कई राज्यों के लिए सचिवों की नियुक्ति की है। आगे कहा गया है कि लोकसभा सदस्य सप्तगिरी उलका को छत्तीसगढ़ के लिए सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही झारखंड की विधायक दीपिका पांडे सिंह को उत्तराखंड, इमरान मसूद को दिल्ली और बृजलाल खाबरी को बिहार के लिए सचिव बनाया गया है।
दलित सेल में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष थे खाबरी : बता दें खाबरी अभी तक पार्टी के दलित इकाई में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की भूमिका निभा रहे थे। खाबरी 2016 में बसपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। खाबरी की संगठन पर मजबूत पकड़ मानी जाती है। वे बसपा की ओर से बुंदेलखंड क्षेत्र देखते थे।
कांग्रेस अध्यक्ष का भी होना है मनोयन : कांग्रेस हाईकमान बिहार में प्रदेश अध्यक्ष के पद पर भी जल्द ही नई नियुक्ति करने वाली है। वर्तमान में मदन मोहन झा कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। सूत्र बता रहे हैं कि इस बार तारिक अनवर, राजेश राम, रंजीत रंजन अध्यक्ष पद की रेस में सबसे आगे है।
