February 6, 2025

राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, जयपुर में अपराधियों ने वारदात को दिया अंजाम

जयपुर। राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की जयपुर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार दिनदहाड़े बदमाशों ने गोगामेड़ी पर गोलियां चलाईं, फिर भाग निकले। गोगामेड़ी को मेट्रो मास हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गोगामेड़ी के साथ घटना के दौरान मौजूद रहे अजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस के अनुसार, श्याम नगर जनपथ पर सुखदेव सिंह गोगामेड़ी का घर है। मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे उनके घर दो बदमाश पहुंचे। गोगामेड़ी के सामने आते ही बदमाशों ने फायरिंग करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि गोगामेड़ी के चार गोली लगी थी। फायरिंग के बाद बदमाश भागकर गली से निकले। एक कार को रोककर लूटने का प्रयास किया। ड्राइवर को पिस्तौल दिखाई तो ड्राइवर कार को भगा ले गया। इस दौरान पीछे से आ रहे हैं स्कूटी सवार अमित को उन्होंने निशाना बनाया। स्कूटी सवार को गोली मारकर घायल कर दिया और स्कूटी लेकर फरार हो गए। सूचना पर श्याम नगर पुलिस मौके पर पहुंची। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी लंबे समय से राष्ट्रीय करणी सेना से जुड़े रहे थे। उन्होंने करणी सेना संगठन में विवाद के बाद राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के नाम से अलग संगठन बना लिया था। गोगामेड़ी उसके अध्यक्ष थे। साल 2017 में फिल्म पद्मावत की जयगढ़ में शूटिंग के दौरान राजपूत करणी सेना के लोगों ने तोड़फोड़ की थी। गोगामेड़ी फिल्म पद्मावत और गैंगस्टर आनंदपाल एनकाउंटर केस के बाद राजस्थान में हुए प्रदर्शन से चर्चा में आए थे।
स्कूटी से आए थे बदमाश
बदमाश दो स्कूटी पर सवार होकर आए थे। इनकी संख्या चार बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, श्याम नगर जनपथ पर सुखदेव सिंह गोगामेड़ी मंगलवार दोपहर करीब पौने दो बजे अपने घर के बाहर खड़े थे। तभी बदमाशों ने उनपर गोलियां चला दीं। गोगामेड़ी को मेट्रो मास हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, मेट्रो मास हॉस्पिटल के बाहर करणी सेना के कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ी है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस की एक टीम हॉस्पिटल पहुंची है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर भी भेजी गई थी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। बदमाशों की पहचान की जा रही है। जल्द से जल्द वारदात में शामिल सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मतभेद के बाद बना लिया था अलग संगठन
सुखदेव सिंह पहले राष्ट्रीय करणी सेना से जुड़े थे, लेकिन मतभेद होने के बाद उन्होंने अपना अलग से संगठन बना लिया था। इस संगठन का नाम उन्होंने श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना रखा था। फिलहाल वह इसी संगठन के अध्यक्ष थे। संजय लीला की फिल्म पद्मावत का राजस्थान में जब विरोध हो रहा था, तब सुखदेव सिंह के कई बयान काफी वायरल हुए थे। सुखदेव सिंह की हत्या की खबर के बाद राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के कार्यकर्ताओं में आक्रोश दिख रहा है। वहीं, जयपुर पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है और एहतियातन श्याम नगर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अस्पताल के बाहर कार्यकर्ताओं का जमावड़ा है। इसको लेकर अस्पताल के बाहर सुरक्षा सख्त कर दी गई है। अधिकारियों ने जयपुर के अलग-अलग थानों की पुलिस को मुस्तैद रहने को कहा है।

You may have missed