September 21, 2024

चंपई के जगह रामदास सोरेन बने हेमंत कैबिनेट के मंत्री, राज्यपाल ने दिलाई शपथ

रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक रामदास सोरेन ने शुक्रवार को मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। घाटशिला के विधायक ने हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाले राज्य मंत्रिमंडल में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की जगह ली है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राजभवन में रामदास सोरेन को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झामुमो नीत गठबंधन के वरिष्ठ नेता और कई सरकारी अधिकारी मौजूद थे। चंपई सोरेन ने बुधवार को मंत्री और विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद रामदास सोरेन को राज्य मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। चंपई आज दोपहर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होंगे। चंपई ने दावा किया था कि राज्य सरकार की वर्तमान कार्यशैली और नीतियों की वजह से उन्हों पार्टी छोड़ने का फैसला लिया है। बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता हेमंत सोरेन (48) को जनवरी में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के कुछ ही देर बाद गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद दो फरवरी को चंपई झारखंड के मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद हेमंत सोरेन के जमानत पर रिहा होने के बाद चंपई ने तीन जुलाई को मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया था और चार जुलाई को सोरेन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। वहीं, चंपई ने 28 अगस्त को राज्य विधानसभा के सदस्य और झारखंड के मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। पार्टी प्रमुख शिबू सोरेन को लिखे पत्र में वरिष्ठ आदिवासी नेता ने कहा था कि झामुमो की वर्तमान कार्यशैली से व्यथित होकर उन्हें पद छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। राजभवन में आयोजित समारोह में झारखंड सरकार के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी कैबिनेट के मंत्रियों के साथ-साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा के सहयोगी दलों कांग्रेस एवं राष्ट्रीय जनता दल के नेता भी शामिल हुए। झारखंड के मुख्य सचिव एल खियांग्ते ने रामदास सोरेन को मंत्री नियुक्त किये जाने का पत्र पढ़ा। इसके बाद राज्यपाल ने रामदास सोरेन को हेमंत सोरेन की कैबिनेट के मंत्री के रूप में शपथ दिलाई। रामदास सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ 1980 में राजनीति की शुरुआत की। चंपाई सोरेन और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के साथ मिलकर झारखंड अलग राज्य के लिए आंदोलन किया। 2009 में पहली बार घाटशिला से झामुमो के विधायक चुने गए। 2014 में हारे और 2019 में फिर से घाटशिला के विधायक बने। अब हेमंत सोरेन की कैबिनेट में मंत्री बने हैं।

yashoraj infosys best website design company in patna : www.yashoraj.com

You may have missed