राजीव नगर को महाजाम से मुक्ति दिलाए नगर निगम,समाजसेवी कृष्णा सिंह ने कर दी बड़ी मांग

पटना।नित्य लगने वाले महाजाम के वजह से राजीव नगर के निवासियों का जीवन बेहाल हो गया है।राजीव नगर मुख्य मार्ग पर ठेलों तथा खोमचे एवं अनियंत्रित पार्किंग व्यवस्था की वजह से प्रतिदिन सुबह-दोपहर तथा शाम में राजीव नगर के निवासियों को महाजाम से रूबरू होना पड़ता है।महाजाम की समस्या को लेकर राजीव नगर के लोकप्रिय समाजसेवी कृष्णा सिंह ने पटना नगर निगम से राजीव नगर मुख्य मार्ग में लगने वाले ठेलों तथा खोमचे वालों के लिए अलग से स्थायी दुकानों की बंदोबस्ती की मांग की है। उन्होंने कहा कि राजनगर की बड़ी आबादी को नित्य लगने वाले महा जाम से मुक्ति दिलाने के लिए नगर निगम को आवश्यक कदम उठाना चाहिए।उन्होंने कहा कि राजीव नगर मुख्य मार्ग में व्याप्त अतिक्रमण तथा पार्किंग की व्यवस्था ना होने के कारण जहां एक तरफ आमजनों को नित्य बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।वहीं दूसरी तरफ व्यवसायी वर्ग भी इस समस्या से पीड़ित है। उन्होंने पटना नगर निगम पर निशाना साधते हुए कहा कि पटना नगर निगम के द्वारा राजीव नगर के निवासियों के साथ दोयम दर्जे का बर्ताव किया जाता है।सभी प्रकार के टैक्स देने के बावजूद भी नगर निगम राजीव नगर के निवासियों के साथ सौतेला व्यवहार करती है।उन्होंने कहा कि राजीव नगर मुख्य मार्ग के जाम के कारण स्कूल की छुट्टी होने के बाद विशेष रुप से बच्चों को भी बेहद कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।उन्होंने कहा कि सुबह तथा शाम महाजाम की विकट समस्या को झेलना राजीव नगर के निवासियों की नियति बन गई है। उन्होंने कहा कि यहां के जनप्रतिनिधियों ने आज तक इस महाजाम की समस्या को दूर करने की दिशा में एक कदम भी नहीं बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि राजीव नगर को महाजाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए वह चरणबद्ध जागरूकता अभियान चलाएंगे।इतना ही नहीं उन्होंने पटना नगर निगम के आयुक्त पटना के मेयर से शीघ्र इस दिशा में पहल करने की मांग की है।

You may have missed