February 8, 2025

बिहार विधानसभा में उठा जनसंख्या नियंत्रण कानून का मुद्दा, भाजपा-जदयू आई साथ, कांग्रेस ने भी किया समर्थन

पटना। बिहार विधानसभा में बुधवार को जनसंख्या नियंत्रण कानून का मुद्दा उठा। ध्यानाकर्षण सूचना से कई विधायकों ने मांग की कि दो बच्चों के प्रावधान को बिहार में लागू किया जाए, साथ ही जनसंख्या पर वर्ष 1999 की करुणाकरण कमेटी के सुझावों पर अमल किया जाए।

बिहार विधानसभा में पहली बार जनसंख्या नियंत्रण को लेकर बीजेपी और जदयू के विधायकों ने मुखर होकर सदन के अंदर कानून बनाने की मांग की।

विधानसभा में भाजपा विधायक विजय कुमार खेमका, अवधेश सिंह, जदयू विधायक विनय चौधरी, बीजेपी विधायक कृष्ण कुमार ऋषि, बीजेपी विधायक डॉ सुनील कुमार ने इस मांग को प्रमुखता से उठाया।

जनसंख्या नियंत्रण कानून को प्रमुखता से उठाने वाले भाजपा विधायक विजय खेमका ने कहा उन्हें पूरी उम्मीद है कि सरकार उनकी मांगों को जरूर सुनेगी। जनसंख्या नियंत्रण कानून बनना चाहिए।

जदयू विधायक विनय चौधरी ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए कहा कि कानून के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी चलाना चाहिए। नीतीश कुमार की सरकार लगातार जनसंख्या नियंत्रण के लिए अभियान चला रही है।

इस मुद्दे पर कांग्रेस भी पीछे नहीं रही, उसने भी इसका समर्थन किया। कांग्रेस विधायक नीतू सिंह ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने के पक्ष में कांग्रेस शुरू से है।

संजय गांधी ने तो इसके लिए विशेष अभियान चलाने की भी बात कही थी। हम इस बात के पक्षधर हैं कि बिहार में जनसंख्या नियंत्रण कानून बने लेकिन किसी जाति समुदाय या धर्म के लोगों को लक्ष्य कर यह कानून नहीं बनना चाहिए।

बता दें कि जनसंख्या नियंत्रण को लेकर कानून बनाने पर भाजपा और जदयू की राय अलग-अलग रही है लेकिन यह पहला मौका है जदयू के विधायक ने बीजेपी के साथ दिया।

सबसे बड़ी बात है कि अब इस मामले में विपक्ष भी साथ है। हालांकि इस मामले में सरकार ने सदन में कोई जवाब नहीं दिया इसके लिए समय मांगा है लेकिन विधायकों को उम्मीद है कि इस मामले में सरकार उनकी बात जरूर सुनेगी।

You may have missed