February 8, 2025

मुजफ्फरपुर में नाश्ता नहीं मिलने पर बारातियों ने किया हंगामा, फिर जानें आगे क्या हुआ

मुजफ्फरपुर । पियर थाना के बड़गांव में नाश्ता नहीं मिलने पर पहले तो बाराती व सराती आपस में भीड़ गए। मामला ज्यादा बढ़ने पर सराती पक्ष ने दूल्हा, उसके पिता समेत आठ लोगों को बंधक बना लिया। इसके बाद पंचायत भी हुई। काफी मशक्कत के बाद दूल्हा शादी के लिए माना लेकिन दुल्हन ने शादी करने से मना कर दिया जिसके बाद बराती व दूल्हा वापस गया।

बता दें कि फेकू सहनी ने अपनी बेटी पूजा की शादी गायघाट के महमदपुर सूरा के जगमोहन सहनी के बेटे बबलू कुमार के साथ तय की थी। बारात पहुंची व जयमाला भी हुआ। ज्यादातर लोग नाश्ता कर ठहराव स्थल पर जा चुके थे। पांच बारातियों को नाश्ता नहीं मिलने पर लड़के के पिता जगमोहन सहनी ने लड़की पक्ष को भला बुरा कहा। इस पर दोनों पक्षों में बात बढ़ती चली गई तो लड़के के पिता ने शादी से इनकार कर दिया।

लड़की की मां जब विनती करने लगी तो लड़के ने बगल में रखे बांस को उठाकर उसे मारना चाहा, लेकिन पास में खड़ी महिलाओं ने उसे रोक लिया। जिसके बाद लड़का गाड़ी में जाकर बैठ गया। मामला बिगड़ने पर ग्रामीण भी जुट गए और लड़का, उसके पिता समेत 8 बारातियों को बंधक बना लिया।

लड़की के पिता फेकू सहनी ने बताया कि पांच कट्ठा जमीन बेचकर शादी की तैयारी की थी। सभी बारातियों का स्वागत भी अपनी क्षमता के अनुसार किया। महज 5 लोगों का नाश्ता कम पड़ जाने के बाद इतनी बड़ी घटना हो गई, जबकि बारात में 50 से 60 लोगों के आने की ही बात हुई थी, जबकि 90 से 100 बाराती पहुंचे।

जनप्रतिनिधियों ने मामले में पंचायत की, लेकिन तब तक लड़की ने भी शादी से इनकार कर दिया। पंचायत में तय हुआ कि लड़की पक्ष को लड़का पक्ष शादी में खर्च हुए 6 लाख रुपये देंगे तो बंधक बने बारातियों को छोड़ दिया जाएगा। पुलिस ने बताया कि वहां पर बवाल को रोकने के लिए चौकीदार तैनात किया गया है।

You may have missed