PATNA: मामूली विवाद में खंती से वार कर 42 वर्षीया महिला की हत्‍या, चारों आरोपित बंदी

संवाद सहयोगी, मसौढी। भगवानगंज थाना के करवां गांव में बीते गुरूवार की रात मामूली विवाद में दो पट्टेदारों के बीच झडप के दौरान 42 वर्षीया एक महिला की लोहे की खंती से मारकर हत्‍या कर दी गई। इस संबंध में मृतका के पुत्र गगन कुमार ने गोतिया फेंकन लाल, उसकी पत्‍नी शांति देवी,पुत्र सोनू कुमार व श्रवण कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। इधर पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया। मिली जानकारी के मुताबिक करवां गांव के टुनटुन लाल व उसके गोतिया फेंकन लाल का मकान आसपास ही है। फेंकन लाल के सीम की लतर टुनटुन लाल के मकान की दीवार पर चढ गई थी। इधर फेंकन लाल का आरोप था कि टुनटुन लाल की पत्‍नी जानकी देवी उसके सीम को तोड लेती है। इसे लेकर बीते शुक्रवार की शाम दोनों पक्षों के बीच विवाद भी हुआ। लेकिन मामला शांत हो गया। आरोप है कि रात में इसे लेकर फेंकन लाल जानकी देवी के साथ गाली गलौज करने लगा और विवाद बढ गया। इसी दौरान सोनू कुमार ने लोहे की खंती से वार कर जानकी देवी को गभीर रूप से जख्‍मी कर दिया। बाद में उपचार के लिए मसौढी ले जाने के दौरान रास्‍ते में ही जानकी देवी की मौत हो गई। इधर थानाध्‍यक्ष जितेंद राम ने बताया कि शव को पोस्‍टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया गया है व मृतका के पुत्र गगन कुमार द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आलोक में चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

You may have missed