पटना में वृद्ध महिला ने की आत्महत्या, कमरे में फांसी लगाकर दी जान

पटना। फतुहा थाना इलाके के कोल्हर गांव में शुक्रवार की सुबह एक वृद्ध महिला ने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने शव को फांसी पर लटका देखा तो घर में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर जांच पड़ताल के बाद पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया। घरेलू कलह की वजह से आत्महत्या की बात कही जा रही है। मृतका की पहचान फतुहा थाना इलाके के कोल्हर गांव निवासी कपिल प्रसाद की 62 वर्षीया पत्नी नीलम देवी के रूप में हुई है। वहीं इस मामले में मृतका के पुत्र मुकेश कुमार ने बताया कि जिस समय घटना घटी उस समय घर में कोई नहीं था। मेरी मां ने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद जैसे ही हम लोग घर में गए तो देखा कि मां पंखे से लटकी हुई है। इसके बाद घर में चीख पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण इकठ्ठा हो गए। फिर इसकी जानकारी फतुहा थाने को दी गई। जनकारी मिलते ही फतुहा थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवा कर मामले की छानबीन की। ग्रामीणों के अनुसार पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। फतुहा थानाध्यक्ष रूपक कुमार अंबुज ने बताया कि पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए एनएमसी, पटना भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।

You may have missed