राजगीर की पहाड़ियों पर आग लगने के बाद हवाई सर्वेक्षण करने पहुंचे सीएम नीतीश, अधिकारियों को दिया निर्देश
नालंदा/पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज सुबह हवाई सर्वेक्षण के लिए राजगीर पहुंचे हैं। प्रमंडलीय आयुक्त कुमार रवि और नालंदा डीएम शशांक शुभंकर ने उनका स्वागत किया। सीएम ने राजगीर के वैभारगिरि पहाड़ पर लगी आग का एरियल सर्वे करने के बाद राजगीर के इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में समीक्षा बैठक की। इस बैठक में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, पटना प्रमंडलीय आयुक्त कुमार रवि और नालंदा डीएम शशांक शुभंकर समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। सीएम ने अगलगी की घटनाओं को रोकने और उससे बचाव के लिए आवश्यकत निर्देश दिए। दरअसल, नालंदा जिले के राजगीर के वैभारगिरि पहाड़ पर आग लगने के कारण विभिन्न प्रकार के दुर्लभ जड़ी-बूटी और पेड़-पौधे जलकर राख हो गए। हालांकि आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है लेकिन स्थानीय लोग बताते हैं कि हर साल गर्मी के मौसम में पर्वतीय आगजनी की घटना होती है। खुद डीजी शोभा अहोतकर ने वैभारगिरि पर्वत की तलहटी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अब सीएम इसी अगलगी का हवाई सर्वेक्षण करने राजगीर आए हैं।
वही मुख्यमंत्री ने दो दिन पहले ही पटना में डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव और एक दर्जन से अधिक विभागों के मंत्री और आला अधिकारियों के साथ हाई लेवल बैठक भी की थी और कई दिशा निर्देश दिए थे। अब हवाई सर्वेक्षण कर अधिकारियों को आगे क्या कुछ करना है, उसके लिए बैठक कर रहे हैं। राजगीर के हवाई सर्वेक्षण का कार्यक्रम पिछले 3 दिनों से बन रहा था। आखिरकार गुरुवार को वह नालंदा के राजगीर दौरे पर आए हैं।