खबरें फतुहा की : युवक की मौत, तीन बच्चों के साथ महिला फरार, फोर व्हीलर का बाइक से टक्कर
ट्रेन की चपेट में आने से 39 वर्षीय युवक की मौत
फतुहा। शनिवार को पटना के बंका घाट स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर एक ट्रेन के चपेट में आने से 39 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुकुलपुर गांव निवासी विश्वनाथ साह के पुत्र गुड्डू कुमार के रुप में हुई है। बताया जाता है कि मृतक रेलवे ट्रैक पार कर रहा था तभी वह ट्रेन के चपेट में आ गया। बंका घाट जीआरपी प्रभारी छोटे लाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया गया है।
तीन बच्चों के साथ महिला फरार, शिकायत दर्ज
फतुहा। शनिवार को पटना के नदी थाना क्षेत्र के गढोचक गांव से तीन बच्चों के साथ एक महिला के फरार हो जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित पति गढ़ोचक निवासी मनोज कुमार ने नदी थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी है। बताया जाता है कि महिला का पति मजदूरी कर अपना परिवार चलाता है। पति के मुताबिक विगत 5 अक्तूबर से ही उसकी पत्नी बबली अपने दो बेटों मनीष (11), बिट्टू (7) और एक बेटी मिष्टी (5) को साथ लेकर घर से फरार हो गई थी, जो आजतक नहीं लौटी है। पत्नी और बच्चों की तलाश में पति दर-बदर भटक रहा है। पीड़ित पति और सास का रो-रोकर बुरा हाल है। नदी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद ने बताया कि उसकी पत्नी पहले भी कई बार घर से भाग चुकी है, वैसे मामला दर्ज कर उसकी बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
फोर व्हीलर गाड़ी का बाइक से टक्कर, 2 घायल
फतुहा। शनिवार देर शाम फोरलेन आरओबी पर एक फोर व्हीलर गाड़ी का बाइक से टक्कर हो गई। इस घटना में बाइक पर सवार दो लोग अत्यंत गंभीर रुप से जख्मी हो गए। जानकारी होते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा दोनों जख्मी की हालत को देखकर दोनों को तत्काल पीएमसीएच के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक दोनों जख्मी बख्तियारपुर के रहने वाले हैं। घटना के संबंध में बताया जाता है कि फोर व्हीलर गाड़ी ने आगे-आगे जा रही बाइक में टक्कर मार दी है। फोर व्हीलर गाड़ी को चालक लेकर भागने में सफल हो गया है।
तीन घरों के आगे से भैंस चोरी
फतुहा। बीते शुक्रवार की रात पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के बांकीपुर मछरियावां गांव से चोरों ने एक साथ तीन घरों के आगे से भैंस खोलकर चोरी कर ली। इस संदर्भ में पीड़ित तीनों भैंस के मालकिन ने थाने में संयुक्त रुप से शिकायत दर्ज करायी है। पीड़ित उषा देवी की माने तो बीते रात्रि वह घर में सोयी हुई थी। आधी रात को नींद खुली तो बथानी से भैंस गायब थी। उसी समय गांव के ही प्रियंका देवी व सोनी देवी का भैंस गायब मिले। पीड़ित महिलाओं के मुताबिक तीनों भैंस के चोरी हो जाने से उनलोगों को करीब दो लाख रुपए की क्षति हुई है। शिकायत के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।