एनडीए सरकार में बिहार की खोयी गरिमा वापस मिली : प्रभाकर मिश्र

- बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता बोले- पति-पत्नी के शासन ने बिहार को बर्बाद किया, एनडीए ने हटाया जंगलराज
पटना। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने कहा कि एनडीए की सरकार में बिहार का कायाकल्प हुआ। एनडीए की सरकार में बिहार की खोयी गरिमा वापस मिली। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर मिश्र ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर राजद पर जमकर निशाना साधा। कहा कि 2005 के पहले बिहार की हालत कितनी खराब हो गयी थी। 2005 के पहले बिहार का खजाना खाली था। विकास की कोई योजना नहीं चल रही थी। सड़कें खराब थीं। बिजली आपूर्ति की बात तो दूर, गांवों में तो बिजली के खंभे तक नहीं थे। स्कूल और अस्पताल बदहाल थे। लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे थे। अपराधियों के डर से व्यापारी और कारोबारी पलायन कर गये थे। फिरौती के लिए डॉक्टरों को अगवा कर लिया जाता था। देश-दुनिया में बिहार के लोगों को अपमान झेलना पड़ता था। लेकिन, 2005 में बिहार के राजनीतिक क्षितिज पर नया सूर्योदय हुआ। 2005 से बिहार का नवनिर्माण शुरू हुआ। बिहार की खोयी हुई गरिमा वापस मिली। बिहार में कानून का राज स्थापित हुआ। जंगल राज से लोगों को मुक्ति मिली और लोग भयमुक्त माहौल में जीवन व्यतीत कर रहे हैं। आज बिहार के विकास की चर्चा देश-दुनिया में हो रही है, यह एनडीए सरकार की ही देन है। गांव और टोलों तक सड़कों का जाल बिछाया गया है। हर घर तक बिजली पहुंचा दी गयी है। अस्पतालों और स्कूलों की स्थिति काफी बेहतर है। ये परिवर्तन लोग देख रहे हैं और बिहार की सभी 40 सीटें एनडीए की झोली में आएंगी।
