बिहार उपचुनाव: शुरुआती रुझानों में तीन सीट पर एनडीए आगे, एक पर बसपा की बढ़त, इंडिया को झटका

पटना। बिहार की चार सीटों रामगढ़, तरारी, इमामगंज और बेलागंज पर हुए विधानसभा उपचुनाव की मतगणना चल रही है। शुरुआती रुझान में तीन सीटों पर एनडीए और एक पर बसपा आगे चल रही है। आरजेडी-महागठबंधन चारों सीटों पर पिछड़ रहा है। इमामगंज में हम तो तरारी से बीजेपी को बढ़त मिल रही है। रामगढ़ में बहुजन समाज पार्टी ने शुरुआती बढ़त बनाई है। बेलागंज में जेडीयू आगे है। गया, कैमूर और भोजपुर जिलों में मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। शुरुआती रुझानों में प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी कुछ खास कमाल करती ही नहीं नजर आई है। कैमूर जिले की रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव के रोचक मुकाबले में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के उम्मीदवार सतीश यादव आगे चल रहे हैं। दूसरे नंबर पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के अशोक सिंह हैं। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे एवं बक्सर सांसद सुधाकर सिंह के भाई अजीत सिंह तीसरे नंबर चले गए हैं। भोजपुर जिले की तरारी उपचुनाव में बाहुबली सुनील पांडेय के बेटे विशाल प्रशांत आगे हैं। सीपीआई माले के राजू यादव दूसरे नंबर पर हैं। इमामगंज में शुरुआत में पिछड़ने के बाद एनडीए ने बढ़त बना ली। जीतनराम मांझी की बहू दीपा मांझी पहले नंबर पर चल रही हैं। आरजेडी के रौशन मांझी दूसरे पर हैं। बेलागंज में आरजेडी सांसद सुरेंद्र यादव के बेटे विश्वनाथ यादव दूसरे नंबर पर हैं, जबकि पहले पर जेडीयू की मनोरमा देवी हैं।
इमामगंज में 6 राउंड की मतगणना पूरी, एनडीए की लीड
गया जिले की इमामगंज विधानसभा सीट पर 6 राउंड की गिनती के बाद हम प्रत्याशी दीपा मांझी 1553 वोटों से आगे हैं। आरजेडी के रौशन मांझी पीछे हो गए हैं। जन सुराज के जितेंद्र पासवान ने मुकाबला त्रिकोणीय बनाया, वे 19 हजार वोट पाकर तीसरे नंबर पर हैं।
तरारी में बीजेपी ने बनाई बढ़त, सुनील पांडेय के बेटे 2636 वोटों से आगे
भोजपुर जिले की तरारी विधानसभा सीट पर उपचुनाव में दो राउंड की गिनती के बाद बीजेपी 2636 वोटों से आगे है। दूसरे नंबर पर भाकपा माले के राजू यादव चल रहे हैं।
बेलागंज में सुरेंद्र यादव के बेटे को झटका, जेडीयू की मनोरमा देवी की बढ़त बरकरार
गया की बेलागंज विधानसभा सीट पर आरजेडी सांसद सुरेंद्र यादव के बेटे विश्वनाथ सिंह को बड़ा झटका लगा है। तीसरे राउंड के बाद भी जेडीयू की मनोरमा देवी उनसे आगे चल रही हैं। मनोरमा देवी ने 4955 वोटों की लीड ले ली है। विश्वनाथ दूसरे नंबर पर हैं। जबकि जन सुराज के मोहम्मद अमजद तीसरे नंबर पर हैं। ओवैसी की पार्टी के मोहम्मद जमीन अल हसन मुकाबले से पूरी तरह बाहर हैं।
रामगढ़ में बसपा ने किया खेला, जगदानंद के बेटे तीसरे नंबर पर पहुंचे
कैमूर जिले की रामगढ़ सीट से बसपा ने उपचुनाव में बड़ा खेला कर दिया है। बसपा के सतीश यादव 3500 वोटों से आगे चल रहे हैं। दो राउंड के वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है। सतीश पूर्व विधायक अंबिका सिंह के भतीजे हैं। वहीं, बीजेपी के अशोक कुमार सिंह दूसरे नंबर पर हैं। सबसे चौंकाने वाली बात है कि आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे अजीत सिंह रामगढ़ से तीसरे नंबर पर चल रहे हैं। यह सीट जगदानंद के परिवार का गढ़ मानी जाती है।
