जून के दूसरे हफ्ते में बिहार में एक्टिव होगा मानसून, होगी झमाझम बारिश

पटना। बिहार के लोगों के लिए खुशखबरी है। मौसम विभाग ने तारीख बता दी है कि बिहार में कब मानसून प्रवेश करेगा और लोगों को कब झमाझम बारिश देखने को मिलेगी। मौसम विभाग की मानें तो मानसून समय से पहले ही भारत में एंट्री करेगा। 31 मई को केरल में मानसून दस्तक देगा। इसके बाद जून के दूसरे हफ्ते में बिहार में मानसून की झमाझम बारिश होगी और चिलचिलाती गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी। मौसम विभाग के लेटेस्ट अपडेट के अनुसार बिहार में इस बार 13 जून से 18 जून के बीच मानसून दस्तक देगा। बारिश की फुहारे के साथ सीमांचल के पूर्णिया और किशनगंज के रास्ते बिहार में मानसून एंट्री लेगा। पिछले साल भी मानसून ने 13 जून को पूर्णिया के रास्ते बिहार में प्रवेश किया था। पिछले साल 19 मई को अंडमान निकोबार द्वीप समूह में मानसून ने एंट्री ली थी। जिसके बाद 9 दिन की देरी से 8 जून को मानसून केरल पहुंचा था। मौसम विभाग की मानें तो इसके पीछे अल नीनो की सक्रियता थी लेकिन इस साल अल नीनो की स्थिति नहीं है। इस बार राज्य में सामान्य से अधिक वर्षा होने का भी पूर्वानुमान है। बिहार में प्री मानसून बारिश 22 मई के बाद शुरू होने की बात कही जा रही है। ऐसे में बारिश का मौसम इस साल कुछ अधिक लंबा रहेगा। देश में अन्य राज्यों की तुलना में केरल में मानसून आमतौर पर 1 जून को आता है। इस वर्ष, मानसून निर्धारित समय से एक दिन पहले 31 मई को केरल पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि मानसून आगमन की तिथि में चार दिन का पूर्व-पश्चावर्तन संभावित है। अतः केरल में मानसून का आगमन 28 मई से 3 जून के मध्य होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि यदि केरल में मानसून समय से पहले प्रवेश करता है, तो बिहार में भी पूर्णिया और किशनगंज के रास्ते मानसून समय से पहले ही प्रवेश करेगा। पिछले वर्ष भी 13 जून को पूर्णिया के रास्ते बिहार में मानसून आया था। इसी तर्ज पर इस वर्ष भी 10 से 12 जून के बीच मानसून बिहार पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार जून से सितंबर के दौरान चार महीनों में 106 प्रतिशत सामान्य बारिश होने का अनुमान है। आमतौर पर मानसून सीजन में औसतन 87 सेंटीमीटर वर्षा होती है, लेकिन इस वर्ष 92 सेंटीमीटर के आसपास वर्षा होने की संभावना है।
