मोकामा विधायक के आरोपों के बीच सांसद आरसीपी सिंह ने कहा,जल्द सही जगह पहुंच जाएंगे अनंत सिंह
पटना। प्रदेश में पुलिस से फरार चल रहा है मोकामा विधायक अनंत सिंह के गिरफ्तारी तथा उनके द्वारा निरंतर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर जदयू में नंबर दो माने जाने वाले राज्यसभा सांसद आरसीपी सिंह ने साफ कहा कि शीघ्र ही अनंत सिंह अपने सही जगह पहुंच जाएंगे। ज्ञातव्य हो कि सांसद आरसीपी सिंह की बेटी बाढ़ की वर्तमान एएसपी लिपि सिंह है,जिस पर शुरू से मोकामा विधायक एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगा रहे हैं।विधायक ने अपने तीनों वीडियो में एएसपी लिपि सिंह का उल्लेख करते हुए कहा कि कि वे उनके खिलाफ पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर कार्रवाई कर रही है। अपने वीडियो में विधायक अनंत सिंह ने जदयू सांसद ललन सिंह,नीतीश सरकार में मंत्री नीरज कुमार तथा अन्य पर इस षड्यंत्र को रचने का आरोप भी लगाया है। हालांकि अब तक अनंत सिंह के आरोपों का काट करने के लिए बिहार सरकार के मंत्री नीरज कुमार ही मीडिया में हमलावर होते रहे हैं।मगर आज पहली बार जदयू के सांसद आरसीपी सिंह ने अनंत प्रकरण में कुछ बोला है।एक समारोह के दौरान आरसीपी सिंह ने यह टिप्पणी की। हालांकि उन्होंने कहा कि वे अनंत सिंह जैसे लोगों के मामले में कोई बात नहीं करना चाहते हैं।बाहुबली विधायक अनंत सिंह पुलिस से फरार चल रहे हैं। पिछले 5 दिनों में अनंत सिंह फरारी के दौरान 3 वीडियो जारी कर पुलिस और सरकार को खुली चुनौती दे चुके हैं। अनंत सिंह की फरारी पर सबसे ज्यादा किरकिरी जेडीयू की हो रही है।अनंत सिंह को लेकर पुलिस के हाथ अभी खाली हैं ।लिहाजा जेडीयू के जो नेता कल तक अनंत सिंह पर तीखे हमले बोलते थे आज वह खामोश बैठे हैं। जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद आरसीपी सिंह भी अनंत सिंह की फरारी पर सीधे कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। लेकिन आरसीपी सिंह ने इतना जरूर कहा है कि पुलिस अपना काम कर रही है और जल्द ही अनंत सिंह वहां पहुंच जाएंगे जहां उनको होना चाहिए।
ज्ञातव्य हो कि बाहुबली विधायक अनंत सिंह के खिलाफ कार्रवाई को लेकर बाढ़ की एसपी लिपि सिंह सुर्खियों में हैं। अनंत सिंह अपने ऊपर चल रही कार्रवाई को लेकर बार-बार यह आरोप लगा रहे हैं कि जेडीयू सांसद आरसीपी सिंह की बेटी होने के कारण लिपि सिंह उनके खिलाफ दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई कर रही हैं।