मो. शब्बीर ने थामा कांग्रेस का हाथ, कहा- पार्टी की विचारधारा को मजबूत करना उनका प्राथमिक लक्ष्य
पटना। बिहार के हरलाखी विधानसभा से तीन बार कांग्रेस के सिंबल पर चुनाव लड़ चुके मो. शब्बीर ने पुन: कांग्रेस पार्टी का हाथ थाम लिया है। गुरूवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में कांग्रेस के विचारधारा और शीर्ष नेतृत्व सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी के प्रति आस्था प्रकट करते हुए उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा के उपस्थिति में अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा ने कहा कि मो. शब्बीर की घर वापसी है। वे पार्टी के मजबूत सिपाही रहे हैं। उनके वापसी से मधुबनी और आसपास कांग्रेस पार्टी को मजबूती मिलेगी। सदस्यता लेने के बाद मो. शब्बीर ने बताया कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को मजबूत करना उनका प्राथमिक लक्ष्य होगा। कांग्रेस उनका घर है और वे कांग्रेस के सिपाही रहे हैं। सदस्यता लेने वाले अन्य लोगों में अमानतुल्लाह खान, संतोष कुशवाहा, अमित कुशवाहा, शिव शंकर राम और धीरेंद्र कुशवाहा शामिल हैं। इस मौके पर पूर्व विधायक भावना झा भी मौजूद रही।
बता दें मो. शब्बीर मधुबनी जिले के हरलाखी विधानसभा सीट महागठबंधन के सहयोगी दल को जाने के कारण पिछले विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़े थे।