गया में विवाहिता का संदिग्ध शव बरामद, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया करंट से हत्या का आरोप

गया। बिहार के गया में विवाहिता का शव बरामद हुआ है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पहले बिजली करंट का झटका देकर और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई और फिर आत्महत्या साबित करने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया। वहीं, पुलिस का कहना है कि हत्या या आत्महत्या, दोनों पहलूओं पर छानबीन चल रही है।
संदिग्ध हालत में मिली लाश
यह घटना गया जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र की है। जहां भोकतौरी में विवाहिता का शव होने की सूचना पुलिस को मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फंदे से झूलते शव को बरामद किया। पुलिस ने घटनास्थल को पहुंचकर विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच की और फिर शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।
परिजन बोले, बिजली का करंट दे-देकर मार डाला
मृतका की पहचान सतीश प्रसाद की 22 वर्षीय पत्नी विभा कुमारी के रूप में हुई है। वहीं, सूचना मिलते ही मृतका के मायके भदवर थाना के टंडवा से लोग भोकतौरी गांव को पहुंचे। बेटी का शव देखते ही परिजनों में चित्कार मच गया। परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी की बेरहमी तरीके से हत्या की गई है। हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाया गया था ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिखाया जा सके।
दो साल पहले हुई थी शादी
मृतका के पिता विजय प्रसाद और भाई राहुल कुमार ने बताया कि वर्ष 2022 में भोकतौरी गांव में सुरेश प्रसाद के पुत्र सतीश प्रसाद से विभा की शादी हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही मारपीट और प्रताड़ित किया जा रहा था। दहेज को लेकर लगातार यह सब जुल्म चल रहा था। मृतका के पिता ने कहा की पहले उनकी बेटी को बिजली करंट से झटका दिया गया, जिसके कारण शव के गले और पैर में जले के निशान है। इसके बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई। जहरीला इंजेक्शन भी दिया गया है। दोनों हाथों पर इंजेक्शन लगाने का दाग भी है। हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाया गया, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
हिरासत में पति समेत ससुराल पक्ष के लोग
वही, पुलिस ने फिलहाल ससुराल वालों को हिरासत में लिया है। मृत विवाहिता के पति, देवर, ससुर, सास को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस मामले को लेकर ससुराल वालों ने पुलिस को बताया है कि विभा के मोबाइल में कुछ आपत्तिजनक फोटो थे। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच नोकझोंक हुई थी। एफएसएल और टेक्निकल सेल की मदद से तहकीकात जारी है। मृतक के परिजनों के द्वारा केस दर्ज किया गया है और ससुराल के कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।
