February 7, 2025

बिहार में कई रेल परियोजाओं को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री से मिले जीतन राम मांझी, जानें क्या-क्या किया मांग

पटना। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (से) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से दिल्ली में बिहार में रेल परियोजनाओं को लेकर मुलाकात की। मांझी ने केंद्रीय रेल मंत्री से बिहार राज्य अंतर्गत दो रेल परियोजनाओं पहला गया-शेरघाटी, दूसरी परियोजना इस्लामपुर (नालंदा)- खीजरसराय-मानपुर (गया) की स्वीकृति के संबंध में मांग पत्र सौंपा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में लिखा है कि चुकी बिहार का गया जिला अंतर्गत इमामगंज डुमरिया एवं बांके बाजार प्रखंड उग्रवादग्रस्त क्षेत्र है। इस क्षेत्र में आवागमन के लिए सड़क की सुविधा नहीं के बराबर है। डालटेनगंज (झारखंड) से डुमरिया, इमामगंज, बांके बाजार, शेरघाटी होते हुए गया आने-जाने का कोई रेल लिंक नहीं है। उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र होने के चलते डाल्टेनगंज से गया सीधे इमामगंज से सड़क रास्ते से ना जाकर अन्य रास्ते से आने जाने के कारण बिहार एवं झारखंड के निवासियों को काफी पैसा तथा समय खर्च होता है। इसके अलावा अन्य रास्ते भी उग्रवाद ग्रस्त होने के कारण आवागमन में काफी असुविधा होती है।
उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री से मांग की कि गया-शेरघाटी-इमामगंज-डुमरिया होते हुए डालटेनगंज तक रेलवे से संबद्ध कर दिये जाने पर यात्रियों को सुविधा होगी। साथ ही उन्होंने नालंदा के इस्लामपुर से गया-मानपुर के बीच कोई रेल लाइन नहीं होने के कारण किसान मजदूर बहुल क्षेत्र के लोगों को गया से इस्लामपुर एवं इस्लामपुर से गया आवागमन में काफी असुविधा को देखते हुए जनहित में रेल सुविधा मुहैया कराने की मांग केंद्रीय रेल मंत्री से अपने पत्र में की है।

You may have missed