सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले में पुलिस उनके दोस्त महेश शेट्टी तथा रिया चक्रवर्ती से करेगी पूछताछ,आज होगा अंतिम संस्कार
मुंबई।बॉलीवुड स्टार सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले में पुलिस अब उनके दोस्तों से पूछताछ करेगी।जानकारी के अनुसार, पुलिस इस मामले में सुशांत के दोस्त महेश शेट्टी और रिया चक्रवर्ती का बयान दर्ज करेगी। इसके पूर्व सुशांत सिंह राजपूत के पिता के के सिंह,उनके भाई भाजपा विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू तथा उनके अन्य परिजन उनके अंतिम संस्कार के लिए मुंबई पहुंच चुके हैं।खबरों के मुताबिक अब से कुछ समय के बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इधर, सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सुसाईड से एक रात पहले सुशांत ने रिया चक्रवर्ती को कॉल किया था, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया, यही कारण है कि पुलिस की जांच का दायरा सुशांत सिंह राजपूत के निजी संबंधों और करीबी दोस्तों के इर्द-गिर्द है।
जानकारी के मुताबिक,सुशांत ने आखिरी कॉल रात के तीन बजे अपने दोस्त महेश शेट्टी को किया था, लेकिन वे कॉल नहीं उठा पाए थे। बताया जा रहा है कि महेश ने दोपहर 12 बजे कॉलबैक किया था, तब सुशांत ने फोन नहीं उठाया, क्योंकि तब-तक सुशांत की मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि लॉकडाउन में सुशांत की मंगेतर उनके साथ ही रह रही थी,लेकिन कुछ दिन पहले वह सहेली के यहां शिफ्ट कर गई थी।बताया जा रहा है कि सुशांत जिससे शादी करने वाले थे, उससे रिश्ते ठीक नहीं चल रहे थे।कुछ दिनों से उन दोनों में झगड़ा चल रहा था।
बताया जा रहा है कि सुशांत अपने दोस्त महेश को कॉल करने से पहले अपनी मंगेतर को भी कॉल किया था, लेकिन वह फोन नहीं उठा रही थी।इसके बाद ही सुशांत ने अपने कॉमन फ्रेंड महेश को कॉल किया था, लेकिन तब उन्होंने भी फोन नहीं उठाया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज शाम सुशांत सिंह राजपूत का अंतिम संस्कार होगा। शाम चार बजे पवन हंस में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। पटना से उनके पिता और परिवार के अन्य सदस्य मुंबई पहुंच चुके हैं।