मोहनजोदड़ो व हड़प्पा जैसी सभ्यता की याद दिलाता है चिरांद : अश्विनी चौबे
* “चिरांद: मानव सभ्यता की अनवरत विकास यात्रा का साक्षी” विषय पर वेबिनार आयोजित
* रामायण सर्किट से जोड़ने का होगा प्रयास
पटना। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि गंगा, सरयू ओर सोन नद के संगम पर अवस्थित यह विश्व का अद्वितीय पुरातात्विक स्थल रामायण परिपथ को पुरातात्विक आधार देता हैं। श्री चौबे ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले चिरांद उत्सव के पूर्व संध्या पर “चिरांद: मानव सभ्यता की अनवरत विकास यात्रा का साक्षी” विषय पर आयोजित वेबिनार को संबोधित कर रहे थे।
2008 में पहली बार हुआ था समारोह का आयोजन
उन्होंने कहा कि आदि कवि वाल्मीकि की रामायण, गोस्वामी तुलसीदास कृत रामचरित मानस में इस पवित्र स्थल का अत्यंत ओजपूर्ण वर्णन मिलता है। इस स्थान के महत्व से लोगों को अवगत कराने के लिए वर्ष 2008 में पहली बार वहां समारोह का आयोजन किया गया था। जिसके उद्घाटन का सौभाग्य मुझे प्राप्त हुआ था। तब से यह कार्यक्रम अनवरत जारी है। कोरोना काल में भी आभाषी माध्यम से यह जारी है। उन्होंने कहा कि इस स्थल की खुदाई करने का प्रथम प्रयास प्रख्यात पुरातत्वविद एस अल्टेकर ने किया था। लेकिन, महाराष्ट्र को होने के कारण आरएसएस का व्यक्ति बताकर उस समय के प्रभावशाली राजनीतिक दल के लोगों ने उनका विरोध किया था। जिसके कारण व उस स्थल की खुदाई नहीं करा सके। बाद में अल्टेकर साहब की प्रेरणा से प्रख्यात पुरातत्वविद डॉ. बीएस वर्मा ने 1960 में सर्वेक्षण कर उस स्थल का उत्खनन प्रारंभ कराया। लगभग दस वर्षों बाद जब वहां अंतिम लेयर पर वे पहुंचे तो चौंकाने वाले अवशेष मिले। उस स्थान से नवपाषण युगीन समृद्ध सभ्यता के अवशेष भारी मात्रा में मिले थे। गंगा के तट पर पहली बार प्राचीन मानव सभ्यता के अवशेष मिलने से बिहार का इतिहास कम से कम पांच हजार वर्ष और पहले से शुरू होता दिखने लगा। स्नानागार व समृद्ध जन निकासी व्यवस्था वाले भवन का अवशेष भी वहां से मिला था। जो मोहनजोदड़ो व हड़प्पा जैसी सभ्यता की याद दिलाता है। इसके बावजूद इस महत्वपूर्ण पुरातात्विक स्थल की घोर उपेक्षा होती रही थी। उस स्थल का उत्खान रिपोर्ट तक प्रकाशित नहीं किया गया था। वर्ष 2005 में बिहार में जब भाजपा व एनडीए की सरकार बनी तब उसका रिपोर्ट प्रकाशित हो सका। चिरांद की प्रामाणिकता व महत्व अब सरकारी दस्तावेज बन चुका है।
विश्व मानक के अनुरूप विकसित करने के लिए सरकार प्रयासरत
बिहार सरकार के कला, संस्कृति व खेल मंत्री आलोक रंजन झा ने कहा कि बिहार सरकार उस स्थल को विश्व मानक के अनुरूप विकसित करने के लिए प्रयासरत है। पुरातात्विक स्थल पर आडिटोरियम व प्रदर्शनी गैलरी से युक्त थिमेटिक पार्क का निर्माण कराया गया है। वहां खुदाई के कार्य फिर से शुरू कराए गए, जिसमें अत्यंत महत्वपूर्ण अवशेष मिले हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं उस स्थल का निरीक्षण करने गए थे। उक्त अवसर पर चिरांद विकास परिषद की ओर से वहां से प्राप्त अवशेष के चित्र प्रदर्शनी लगाए गए थे। उसके संरक्षण का कार्य जारी है। गंगा के कटाव से उस स्थल को बचाने का प्रयास भी जारी है।
स्थल को रामायण परिपथ में शामिल करने की मांग
विधान पार्षद सच्चिादनंद राय ने कहा कि रामायण परिपथ में शामिल होने के सारी शर्तों को पूरा करने के बावजूद यह स्थल अभी तक रामायण परिपथ में शामिल नहीं हो सका है। पिछले ही सत्र में मैंने विधान परिषद में प्रश्न कर इस स्थल को रामायण परिपथ में शामिल करने की मांग की थी। सरकार की ओर से आश्वासन दिया गया था कि इस दिशा में उचित कार्रवाई होगी।
वेबिनार में रखें विचार
चिरांद विकास परिषद व प्रज्ञा प्रवाह की उत्तर बिहार इकाई चेतना के तत्वावधान में आयोजित इस वेबिनार में लक्ष्मण किलाधीश व रसिक शिरोमणि आचार्य पीठ के महंत श्री मैथिली रमण शरणजी महाराज, रामकृष्ण आश्रम के स्वामी दिव्यात्मानंदजी महाराज, चिरांद विकास परिषद के संरक्षक महंत श्रीकृणगिरी उपाख्या नागा बाबा, विभाग संघचालक श्रीविजय सिंह, डा. किरण सिंह, चिरांद विकास परिषद के रासेश्वर सिंह आदि ने अपने विचार रखे। परिषद के सचिव श्रीराम तिवारी ने चिरांद के महत्व व उसके विकास के प्रयासों पर जानकारी दी। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता देवेश नाथ दीक्षित ने धन्यवाद ज्ञापन किया।