मुंगेर लोकसभा सीट से ललन सिंह ने किया नामांकन, कार्यक्रम में दोनों डिप्टी सीएम रहे मौजूद

मुंगेर। जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह आज मुंगेर लोकसभा क्षेत्र के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। वह आशीर्वाद यात्रा के साथ नामांकन के लिए समाहरणालय के लिए निकले थे। ललन सिंह के नामांकन के लिए बिहार सरकार के कई मंत्रियों के साथ दोनों डिप्टी सीएम पहुंचे भी पहुंचे थे। ललन सिंह के साथ अनंत सिंह की पत्नी नीलम सिंह भी मौजूद थीं। वहीं इस कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे राज्य के मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि एनडीए को बिहार में अप्रत्याशित बढ़त मिल रही है। यह बिहार की जनता भी जान चुकी है। यदि एनडीए और राजद प्रत्याशी को देखा जाए तो जनता को ललन सिंह जैसा विकल्प नहीं मिल सकता है। विजय चौधरी ने कहा कि ललन सिंह अनुभवी, प्रभावी एवं सशक्त नेता है तो दूसरी ओर कैसा व्यक्ति हैं यह बोलने की भी जरूरत नहीं है। यह सभी मुंगेर लोकसभा क्षेत्रवासी जानते हैं। यह समझने की बात है कि मतदाताओं की पसंद कौन हो सकते हैं। मुंगेर लोकसभा का परिणाम बहुत दूर से ही दिखाई दे रहा है। बिहार में जनता के बीच एनडीए का वेग चल रहा है। ललन सिंह ने इसके पहले वर्ष 2009 और 2019 में मुंगेर से लोकसभा का चुनाव जीता था. तीन बार लोकसभा और एक बार राज्यसभा सदस्य रह चुके ललन सिंह चौथी बार लोकसभा चुनाव जितने के लिए मैदान में हैं. उनके नामांकन में उमड़ी भीड़ ने ललन सिंह की जीत को लेकर बड़ा दावा किया है. जुलूस को लेकर जिला प्रशासन ने जगह-जगह पर ड्रॉप गेट लगाया है। वाहनों की एंट्री पर रोक लगाते हुए कई जगहों पर दंगा नियंत्रण के लिए पुलिस की तैनाती की गई है। वहीं नामांकन को लेकर विजय चौधरी ने कहा कि इस बार का चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ा जाएगा। रोड शो के दौरान ललन सिंह का लोग शानदार तरीके से स्वागत कर रहे हैं। ललन सिंह रूक-रूककर लोगों से बात भी कर रहे हैं। साथ ही अपने विकास कार्य की लोगों को याद दिला रहे हैं। ललन सिंह मुंगेर लोकसभा क्षेत्र के विकास का वादा कर लोगों से वोट की भी अपील कर रहे हैं। रोड शो के दौरान ललन सिंह के साथ जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन, संजय सिंह, छोटू सिंह, शिव शंकर निषाद, सुबोध यादव, पंकज पटेल सहित कई दिग्गज मौजूद हैं। मुंगेर संसदीय सीट एनडीए की ओर से जदयू कोटे में गई है और पार्टी ने फिर से ललन सिंह पर ही दांव आजमाया है। ललन सिंह के समर्थकों का भी दावा है कि, इस बार बड़े अंतर से ललन सिंह की जीत होगी। हालांकि, किसकी जीत होगी और किसके हिस्से हार आती है। इसका फैसला चार जून को आने वाले नतीजे के बाद ही पता चल सकेगा।
