February 7, 2025

भगवान सिंह कुशवाहा की घर वापसी पर बोले ललन : समता पार्टी काल के एक-एक साथी को चिह्नित कर करेंगे सक्रिय

पटना। जदयू मुख्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह एवं प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के समक्ष पूर्व मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने सैकड़ों समर्थकों के साथ जदयू की सदस्यता ग्रहण की। उनकी घर वापसी के मौके पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य बशिष्ठ नारायण सिंह, जदयू केन्द्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा, मंत्री अशोक चौधरी, विधानपार्षद संजय गांधी, संजय सिंह, पूर्व मंत्री कृष्णनंदन वर्मा, संतोष निराला, विधायक जीतेन्द्र कुमार, डॉ. नवीन कुमार आर्य, अनिल कुमार व अन्य प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
ललन सिंह ने कहा, कार्यकर्ता होते हैं अध्यक्ष की ताकत
इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि भगवान सिंह कुशवाहा रूठ कर चले गए थे। हम सबके नेता नीतीश कुमार के हाथ को मजबूत करने के लिए इन्होंने फिर से अपने घर में वापसी की है। उन्होंने आगे कहा कि मैं अध्यक्ष जरूर हूं लेकिन अध्यक्ष की ताकत कार्यकर्ता होते हैं। मेरा काम आप में उत्साह और ऊर्जा भरना और आप सबको मान-सम्मान देना है। उन्होंने कहा कि हम समता पार्टी काल के एक-एक साथी को जिलावार चिह्नित करेंगे। जो किसी कारण निष्क्रिय हो गए हैं, उन्हें फिर से सक्रिय करेंगे। उन्होंने कहा कि अपनी पसंदगी-नापसंदगी को दरकिनार कर पार्टी को संगठित कीजिए। हर तबके के नौजवानों को अपने साथ जोड़िए।
राष्ट्रीय पार्टी बनने को दो और राज्यों में मान्यता की जरूरत
श्री सिंह ने कहा कि मैं अध्यक्ष के रूप में अपने अधिकार को विकेन्द्रित करूंगा। पार्टी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष को काम करने की पूरी आजादी होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सपना जदयू को राष्ट्रीय पार्टी बनाना है। अभी दो राज्यों बिहार और अरुणाचल में हमें मान्यता है। राष्ट्रीय पार्टी बनने के लिए दो और राज्यों में मान्यता की जरूरत है। इस लक्ष्य पर हमें काम करना है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का काम अन्य राज्यों के लिए नजीर है। उनके काम को हमें एक-एक गांव, एक-एक घर में पहुंचाना है।
भगवान सिंह कुशवाहा प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत
वहीं प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने भगवान सिंह कुशवाहा का स्वागत करते हुए आज ही उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष भी मनोनीत किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में इनकी मजबूत पहचान है। इनके आने से न केवल संगठन में मजबूती आएगी बल्कि पार्टी के विजन और मिशन को भी ताकत मिलेगी।
उपेन्द्र बोले, पूरे देश में पार्टी का विस्तार होगा
केन्द्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा ने भगवान सिंह कुशवाहा को घर-वापसी पर बधाई देते हुए कहा कि श्री कुशवाहा संघर्ष के दिनों के साथी हैं। उन्होंने कहा, नीतीश कुमार के नेतृत्व में पार्टी का केवल बिहार में नहीं बल्कि पूरे देश में विस्तार होगा और जदयू का कारवां अपनी मंजिल तक जरूर पहुंचेगा।

You may have missed