PATNA : सम्राट अशोक के सम्मान में उपेंद्र कुशवाहा 23 जनवरी को निकालेंगे शौर्य यात्रा
- मौर्य सम्राट की तुलना औरंगजेब से करने वाले को बताया देशद्रोही
पटना। सम्राट अशोक का औरंगजेब से तुलना करने को लेकर जदयू के संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा काफी आहत हैं। 23 जनवरी को उपेंद्र कुशवाहा सम्राट अशोक के सम्मान में वैशाली से यात्रा शुरू करेंगे, जो पटना आएगी। इस यात्रा का नाम शौर्य यात्रा रखा गया है। यात्रा सम्राट अशोक के सम्मान का प्रतीक वैशाली स्थित शांति स्तूप से 23 जनवरी को 11 बजे से शुरू होगी और उसी दिन शाम को पटना के कुम्हरार स्मारक स्थल पहुंचकर समाप्त होगी।
इस यात्रा का आयोजन महात्मा समता फूले परिषद के तरफ से किया जा रहा है। उन्होंने बताया गया है कि जिस लेखक दया प्रकाश सिन्हा ने राष्ट्र के सम्मान के साथ खिलवाड़ किया है, उन पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया जाए। लेखक द्वारा लिखित सम्राट अशोक से संबंधित पुस्तक पर प्रतिबंध लगाई जाए, साथ ही उनके तमाम पुरस्कार भी वापस लिए जाएं।
बता दें पिछले दिनों लेखक दया प्रकाश सिन्हा ने सम्राट अशोक की तुलना औरंगजेब से कर दी थी। दया प्रकाश सिन्हा भाजपा से संबंधित रहे हैं। इसको लेकर उपेंद्र कुशवाहा और भाजपा नेताओं में तीखी बयानबाजी का दौर भी चला। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने पटना के कोतवाली थाना में दया प्रकाश सिन्हा के खिलाफ केस भी दर्ज कराया है। वहीं कुशवाहा लगातार दया प्रकाश सिन्हा के पुरस्कारों की वापसी की मांग कर रहे हैं।