February 7, 2025

गया में अपराधियों ने भट्ठा मजदूर को उतारा मौत के घाट, आंख भी फोड़ी, कल दोपहर से था लापता, आज नदी किनारे मिला शव

गया। जिले के फतेहपुर प्रखंड के परवलडीह गांव में अपराधियों ने युवक को बेरहमी से मार डाला। पहले उसकी पिटाई की फिर हथियार से एक आंख फोड़ दी। इसके बाद गला दबा उसे मौत के घाट उतार दिया।

युवक सोमवार दोपहर से ही लापता था। मंगलवार सुबह जब उसका शव पैमार नदी किनारे मिला तो क्षेत्र में दहशत फैल गई। आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस  पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। युवक की पहचान परवलडीह गांव के राजेश मांझी की के रूप में हुई है। वह ईंट भट्ठा पर मजदूरी करता था।

परिजनों का कहना है कि राजेश मांझी ईंट भट्ठा पर मजदूर करता था और वह दूसरे प्रदेश में काम करता था लेकिन वह बीते कुछ दिनों से गांव में ही रह रहा था। वह इन दिनों अपने घर में ही रह रहा था। सोमवार की दोपहर वह खाना खाकर घर से निकल गया था।

देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो घरवालों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव के लोगों ने भी काफी खोजा पर उसका कहीं कुछ भी पता नहीं चल सका। मंगलवार की सुबह पैमार नदी किनारे शव मिला। मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान हुई।

गांव के लोगों ने बताया कि राजेश की एक आंख फोड़ दी गई है। साथ ही शरीर पर कई जगह चोट व जख्म के निशान भी पड़े थे। परिजनों का कहना है कि राजेश की किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी, फिर भी किसने और क्यों उसकी हत्या की इसकी जांच होनी चाहिए। पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले और हत्यारे को जल्द से जल्द गिरफ्तार करे।

You may have missed