February 5, 2025

उपचुनाव के लिए इंडिया गठबंधन का उम्मीदवारों का ऐलान, तीन सीटों पर राजद और एक सीट पर लड़ेगी माले

  • इमामगंज से राजेश मांझी, बेलागंज से विश्वनाथ सिंह और रामगढ़ से अजीत सिंह राजद के उम्मीदवार, माले ने राजू यादव को मैदान में उतारा

पटना। बिहार विधानसभा के चार सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए महागठबंधन ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। इस गठबंधन में आरजेडी और सीपीआई (माले) शामिल हैं। इमामगंज, बेलागंज, रामगढ़ और तरारी इन चार विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे। महागठबंधन ने इनमें से तीन सीटों पर आरजेडी के उम्मीदवार और एक सीट पर सीपीआई (माले) के उम्मीदवार को मैदान में उतारा है।इमामगंज से राजद ने रौशन कुमार मांझी उर्फ राजेश मांझी को उम्मीदवार बनाया है, जो पहले से राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय हैं। बेलागंज से विश्वनाथ कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है, जो जहानाबाद से सांसद सुरेंद्र यादव के पुत्र हैं। रामगढ़ से अजित कुमार सिंह को उम्मीदवार चुना गया है, जो आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के पुत्र और बक्सर सांसद सुधाकर सिंह के भाई हैं। वहीं, तरारी सीट से सीपीआई (माले) ने राजू यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है।बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने यह विश्वास जताया कि महागठबंधन इन चारों सीटों पर जीत हासिल करेगा। झारखंड में सीट शेयरिंग को लेकर किसी तरह की नाराजगी के सवाल पर तेजस्वी यादव ने स्पष्ट किया कि गठबंधन में कोई मतभेद नहीं है और सभी दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। एनडीए ने भी अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। भोजपुर जिले के तरारी विधानसभा सीट से एनडीए ने विशाल प्रशांत को टिकट दिया है, जो चार बार के विधायक सुनील पांडेय के पुत्र हैं। रामगढ़ सीट से भाजपा ने अशोक कुमार सिंह को प्रत्याशी बनाया है, जो 2015 के चुनाव में विजयी हुए थे। इस सीट पर भाजपा ने फिर से उन पर भरोसा जताया है। रामगढ़ में मुकाबला त्रिकोणीय होने की संभावना है, जिसमें भाजपा, राजद और बसपा के उम्मीदवार आमने-सामने होंगे। बसपा ने इस सीट से पूर्व विधायक अंबिका सिंह के भतीजे सतीश सिंह उर्फ पिंटू यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है। महागठबंधन और एनडीए के प्रत्याशियों की घोषणा के बाद इन चार सीटों पर चुनावी जंग काफी दिलचस्प हो गई है। दोनों गठबंधन अपने-अपने उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं और इन सीटों को जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं।

You may have missed