February 8, 2025

पैसे के विवाद में पति ने पत्नी को गोलियों से भूना, घटनास्थल पर ही मौत, आरोपी फरार

बेगूसराय। पैसे के विवाद में पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना बेगूसराय के मटिहानी थाना क्षेत्र स्थित रामदीरी नकटी टोला की है। मृतका की पहचान शंकर सिंह की 32 वर्षीय पत्नी संगीता देवी के रूप में हुई है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

संगीता देवी के भाई रमेश कुमार ने बताया कि दो महीने पहले उसने अपनी बहन को मुंडन कार्य के लिए एक लाख रुपये कर्ज के तौर पर दिए थे। कर्ज में लिए गए पैसे को वह अपनी बहन से मांग रहा था। उनकी बहन भी पैसे लौटाने के लिए बराबर अपने पति को कहती थी। इसी पैसे के विवाद को लेकर पति ने उनकी बहन को सात गोली मारी। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। इस हत्या के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा गया है। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।

गौरतलब है कि सिंघौल थाना के अमरौर निवासी रामबहादुर सिंह ने 2005 में अपनी बेटी संंगीता की शादी शंकर सिंह से की थी। लेकिन आज इस घटना से परिवार के सभी सदस्य मर्माहत है। मृतका की एक बेटी और दो बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना से इलाके के लोग भी सकते में हैं।

मटिहानी थानाध्यक्ष परशुराम ने बताया कि पति और पत्नी के बीच पैसे को लेकर विवाद हुआ। इसी विवाद के बाद पति ने पत्नी को गोलियों से भून डाला। जिससे पत्नी की घटनास्थल पर मौत हो गई। जबकि आरोपी पति मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजा है । वही पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

 

You may have missed