प्रदेश में पछुआ हवा की तेज रफ्तार से कनकनी बढ़ी, 2 डिग्री तक गिरा तापमान
पटना। प्रदेश में राजधानी पटना के साथ ही बिहार के अधिकांश जिलों में मौसम का मिजाज बदल गया है। सूबे में पछुआ हवा ने कनकनी बढ़ा दी है। अगले दो दिन पछुआ हवा की रफ्तार 20-30 किमी प्रति घंटे से लेकर 40 किमी प्रति घंटे तक चलने की संभावना है। जिसके प्रभाव से अगले 3 दिनों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। इसके साथ ही अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बिहार में दिन का तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियसके बीच वहीं रात्रि का तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान आसमान बिल्कुल साफ रहेगा और धुप खिली रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार फरवरी के शुरुआती पंद्रह दिन सुबह-शाम कोहरे और ठंड का प्रभाव रहेगा। दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिलेगी लेकिन शाम के बाद ठंड सता सकती है। वहीं तीन फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसका असर छह फरवरी तक बिहार में रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से बिहार में मंगलवार की शाम से बादल छा गये। वही बुधवार से गुरुवार के बीच दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार कुछ जिलों में मेघ गर्जन और ठनके की भी आशंका है। पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा,नवादा, बेगूसराय, जहानाबाद,लखीसराय, बक्सर,भोजपुर, भभुआ, रोहतास भागलपुर,बांका, जमुई, खगड़िया में मौसम विभाग ने बारिश की संभावना व्यक्त की है। मौसम विभाग के अनुसार बिहार के कुछ जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं।पश्चिम विक्षोभ के कारण 7 फरवरी के बीच एक दो स्थानों पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं पटना सहित 23 शहरों के न्यूनतम तापमान में गिरावट और 8 शहरों के तापमान में वृद्धि दर्ज की गयी। पटना का अधिकतम पारा 2.1 डिग्री सेल्सियस चढ़ा और न्यूनतम 1.9 डिग्री सेल्सियस गिरा। न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।