जमुृई में बरहट के जंगलों में दबोचा गया हार्डकोर नक्सली ब्रह्मदेव राणा, उस पर सीआरपीएफ काफिले पर हमला करने का है आरोप

जमुई। पुलिस ने बुधवार को हार्डकोर नक्सली ब्रह्मदेव राणा को गिरफ्तार करने सफलता हासिल की। गिरफ्तार नक्सली पर सीआरपीएफ काफिले पर हमला करने का आरोप है। जमुई के बरहट थाना में नक्सली के खिलाफ नामजद एफआईआर की गई थी। मामले के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था।

सूत्रों की मानें तो नक्सली बरहट थाना क्षेत्र के अंबाटोला गांव का रहने वाला है और हार्डकोर नक्सली पिंटू राणा गिरोह का सक्रिय सदस्य है। पुलिस के अनुसार एसपी को गुप्त सूचना मिली कि हार्डकोर नक्सली ब्रह्मदेव राणा अपने साथियों के साथ बरहट में देखा गया है।
इधर, एसपी ने एसएसबी, साइबर सेल एवं बरहट थाना अध्यक्ष को नक्सली को गिरफ्तार करने की जिम्मेदारी दी। एसपी के निर्देश पर एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट आलोक सिंह के नेतृत्व में साइबर सेल अधिकारी राज्यवर्धन कुमार व बरहट थाना अध्यक्ष चितरंजन कुमार की टीम ने बरहट के जंगलों में छापेमारी की जिसमें हार्डकोर नक्सली ब्रह्मदेव राणा दबोच लिया गया।
वहीं उसके अन्य साथी भाग गए। गिरफ्तार नक्सली अन्य गतिविधियों में भी शामिल रहा है। बरहट थाना अध्यक्ष चितरंजन कुमार ने बताया गिरफ्तार नक्सली को न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है।