February 24, 2025

PATNA : राज्यपाल आज करेंगे डाक टिकट प्रदर्शनी ‘बिहार डिजिपेक्स-2022’ का उद्घाटन

पटना। चार दिवसीय राज्य स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी बिहार डिजिपेक्स-2022 का आयोजन 24 से 27 फरवरी तक किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन महामहिम राज्यपाल फागू चौहान गुरूवार को करेंगे। उक्त जानकारी जीपीओ परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पोस्टमास्टर जनरल अदनान अहमद ने दी। इस दौरान उन्होंने बिहार डिजिपेक्स के लोगो का अनावरण भी किया।
उन्होंने कहा कि 10 वर्षों बाद इस तरह की अनूठी राज्य स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी का आयोजन पटना शहर में होने जा रहा है। इससे पहले यह आयोजन 2012 में किया गया था। इस आयोजन में बिहार के पटना सहित सुदूर जिलों के बहुसंख्यक डाक टिकट संग्रहक भी हिस्सा ले रहे हैं। इन डाक टिकट संग्रहकों का डाक संग्रह भी प्रदर्शनी का एक अहम हिस्सा बनेगी। उन्होंने कहा कि पटना जीपीओ के प्रांगण में राज्य स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी को वर्चुअल तरीके से 24 से 27 फरवरी तक आम जन के लिए प्रदर्शित किया जायेगा। जिसका वेबसाईट डब्लूडब्लूडब्लू.बिहारडिजिपेक्स2022.कॉम है। इस प्रदर्शनी का थीम इंडिया रिच कल्चरल हेरिटेज रखा गया है।
उन्होंने कहा कि उद्घाटन समारोह में तीन विशेष आवरण का अनावरण जो की राजभवन बिहार, सुखेत मॉडल और अनसंग हीरोज पर आधारित होगा, साथ ही पूरे कार्यक्रम के दौरान भारतीय डाक-रेलवे संबंध, मगही पान, महिला शशक्तिकरण, बेटी पढ़ाओ, ईपिक+वोट, पाटली वृक्ष, पंचायती राज संस्थान, कोविड मेडिकल किट एवं शराबबंदी पर भी विशेष आवरण का विमोचन किया जाएगा। वहीं बाल पुरस्कार प्राप्त धीरज कुमार को सम्मानित किया जायेगा। श्री अहमद ने कहा कि इस प्रदर्शनी में कुल 80 फ्रेम आॅनलाइन प्रदर्शित की जाएगी, जिसके प्रतियोगी वर्ग के कुल 26 फ्रेम में 17 थीम, आमंत्रित वर्ग के 37 फ्रेम में 10 थीम तथा इसके ज्यूरी वर्ग के 17 फे्रम में 4 थीम का प्रदर्शन किया जाएगा। जीपीओ सभागार में भी 50 फिजिकल फ्रेम प्रदर्शनी के लिए लगाए जाएंगे।

You may have missed