झारखंड : भाजपा के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मण गिलवा का कोरोना से निधन, एक सप्ताह से थे अस्पताल में भर्ती

चक्रधरपुर (झारखंड) । भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह सिंहभूम के पूर्व सांसद लक्ष्मण गिलुवा की बुधवार की रात करीब 2.10 बजे जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। 22 अप्रैल को तबीयत खराब होने के बाद उन्होंने चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में कोरोना जांच कराई थी, जिसमें उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। लेकिन, बाद में जब आरटीपीसीआर जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद 22 अप्रैल की दोपहर में इलाज के लिए उन्हें जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था।

गुरुवार तड़के सुबह खबर आई कि लक्ष्मण गिलुवा की टाटा मोटर्स अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। लक्ष्मण गिलुवा चक्रधरपुर विधानसभा सीट से दो बार विधायक और सिंहभूम लोकसभा सीट से दो बार सांसद रह चुके थे। इसके अलावा उन्हें पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। लक्ष्मण गिलुवा कोल्हान में भाजपा के एक बड़े चेहरा थे और उन्होंने वर्ष 1990 में पहली बार निर्दलीय बाल्टी छाप पर चुनाव लड़ा था। इसके बाद वर्ष 1995 में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे और चुनाव जीत कर चक्रधरपुर के विधायक बने थे। इसके बाद लक्ष्मण गिलुवा 2009 में दोबारा भाजपा के टिकट पर चुनाव जीत कर चक्रधपुर के विधायक बने।
इसके आलावा वर्ष 1999 और 2014 में सिंहभूम लोकसभा सीट पर चुनाव जीत कर सांसद बने थे। वर्ष 1999 में लक्ष्मण गिलुवा ने कांग्रेस के दबंग नेता विजय सिंह सोय को हराया था। लक्ष्मण गिलुवा मृदुभाषी और सरल स्वभाव के मिलनसार आदिवासी नेता थे, जिस कारण उनकी लोकप्रियता काफी थी। भाजपा के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश से पहले लक्ष्मण गिलुवा ही प्रदेश अध्यक्ष थे और उन्होंने वर्ष 2019 में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद प्रदेश अध्यक्ष से इस्तीफा दे दिया था।