खगड़िया में आपसी विवाद में दिनदहाड़े फायरिंग, पुरानी रंजिश को लेकर युवक को मारी छह गोली, घटनास्थल पर ही हुई मौत
खगड़िया। पिपरपांती गांव में आपसी विवाद में जमकर फायरिंग हुई। पुरानी दुश्मनी को लेकर बदमाशों ने रबिन यादव को छह गोली मारी। इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत गई। रबिन का पड़ोस के ही गणेश यादव के साथ विवाद चल रहा था।
ग्रामीणों के मुताबिक मृतक रबिन यादव अपने घर से बासा की ओर जा रहे थे। इस दौरान बालेश्वर यादव के घर के समीप पांच-छह लोगों ने घेर कर बारी-बारी से दो गोली सिर में मार दी। इसके बाद चार गोली पेट में मारकर फरार हो गए। हवाई फायरिंग करते हुए मकई खेत में घुस गए।ज्यादा खून बहने से रबिन यादव की मौके पर ही मौत हो गई। रबिन की पत्नी पूनम देवी के बयान पर गणेश यादव सहित 10 लोगों को नामजद बनाया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही गोगरी डीएसपी मनोज कुमार, प्रशिक्षु डीएसपी मृदुलता कुमारी सहित पसराहा थानाध्यक्ष अमलेश कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया भेज दिया गया। वहीं, घटना में संलिप्त की गिरफ्तारी को लेकर गांव के आसपास जगह जगह छापेमारी की जा रही है।
परिजनों ने बताया कि बुधवार को मृतक के चचेरे भाई की बेटी भागो कुमारी की शादी थी। इसी मंडप पर 29 को रबिन यादव की बेटी नैना कुमारी की भी शादी थी। लेकिन लॉक डाउन को लेकर एक छोटा सा टेंट भी लगाया गया है। लड़की विदाई का सारा सामान खरीद ली गई थी। बेटी की शादी से पहले ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी पूनम देवी वार्ड 9 की पंच है। उन्होंने कहा कि मेरे पति बासा जा रहे थे। इस दौरान चौराहा के पास बगल के ही मास्क लगाए पहले से बदमाश घात लगाए बैठे थे। गोली लगने से वे नीचे गिर गए। छोटा बेटा भी साथ मे था। पिता को गिरते देख भाग गया। पिपरपांती गांव में एक महने पहले भी एक युवक की हत्या हुई थी। उस केस में रबिन यादव नामजद था। गोगरी डीएसपी मनोज कुमार ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह जगह छापेमारी की जा रही है।